शिमला के डाऊनडेल में नशे के कारोबार का भंडाफोड़, नशीले पदार्थों सहित एक गिरफ्तार

Wednesday, Feb 20, 2019 - 07:02 PM (IST)

शिमला (राजीव): राजधानी शिमला का डाऊनडेल इलाका नशे के कारोबारियों का  गढ़ बनता जा रहा है। शिमला शहर का डाउनडेल क्षेत्र ऐसा है जहां सुबह से लेकर शाम तक नशे का कारोबार चलता है। शराब से लेकर चिट्टा, स्मैक और अन्य नशा यहां आसानी से मिल जाता है। पुलिस ने गुप्त सुचना पर बीते दिन भारी पुलिस बल के साथ छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को शराब से लेकर गांजे का पैकेट, स्मोकिंग पेपर बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बीते माह ही इस इलाके से राजू के ढारे से 2 महिलाएं व एक व्यक्ति को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था।

ढारे से लैपटॉप और डायरी भी बरामद

जब मंगलवार को दोबारा इस ढारे में चैकिंग करने के लिए पुलिस पहुंची तो यहां एक लड़की और वृद्ध महिला मौजूद थीं। पहले तो इन दोनों ने पुलिस को कोई भी जानकारी नहीं दी लेकिन उसके बाद इसी ढारे से लैपटॉप भी बरामद किया, साथ ही एक डायरी मिली है, जिसमें पैसों का हिसाब-किताब लिख रखा है। अब इस लैपटॉप को पुलिस खंगाल रही है और ये पता लगा रही है कि नशे के कारोबारी ने इसमें कहीं इससे जुड़े लोगों की जानकारी तो नहीं रखी है।

एस.पी. ने दिए थे नजर रखने के आदेश

डी.एस.पी. शिमला प्रमोद शुक्ला ने कहा कि डाऊनडेल क्षेत्र में पुलिस की नजर थी और यहां पर लोग भी आते-जाते रहते थे जो अपराध करने के बाद यहां से चंडीगढ़ निकल जाते थे। इस इलाके का पिछला रिकॉर्ड देखा गया तो बहुत से लोग अपराधों में संलिप्त पाए गए, जिसके बाद एस.पी. शिमला ने इस इलाके पर नजर रखने को कहा और पुलिस ने रेड की तो शराब के साथ समैक सहित अन्य नशे का सामान मिला है। उन्होंने कहा कि इस इलाके में ही बीते कुछ वर्षो से 35 एन.डी.पी.एस. के मामलों के अलावा शरण के कई मामलों में लोग गिरफ्तार किए गए। पुलिस अब इल इलाके पर नजर रखे हुए है।

Vijay