अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव : अमरिंद्र बॉवी के पंजाबी तो लोकेंद्र के पहाड़ी गानों पर झूमा शिमला

Wednesday, Jun 05, 2019 - 11:20 PM (IST)

शिमला: अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव की तीसरी सांस्कृतिक संध्या पंजाबी व हिमाचली गीतों के नाम रही। तीसरी संध्या में पंजाबी गायक अमरिंद्र बॉवी ने जहां पंजाबी गानों पर दर्शकों को झूमने के लिए मजबूर कर दिया वहीं पहाड़ी गानों पर हिमाचली लोक गायक लोकेंद्र चौहान ने नाटियों पर खूब नचाया। देर शाम शुरू हुई सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक अमरिंद्र बॉवी ने अपने कार्यक्रम की गुरु वंदना से मनमोहक शुरूआत की, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। इसके बाद उन्होंने एक से बढ़कर एक पंजाबी गीत गाकर लोगों का मनोरंजन किया। इससे पहले पहाड़ी लोक गायक लोकेंद्र चौहान ने पहाड़ी गीत गाकर लोगों का मनोरंजन किया, जिस पर युवाओं ने कुर्सियों पर ही डांस करना शुरू कर दिया। तीसरी सांस्कृ तिक संध्या में मुख्य सचिव बी.के. अग्रवाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों को बधाई दी। इस मौके परजिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।

विदेशी व हिमाचली छात्र-छात्राओं ने रैंप पर पारम्परिक परिधानों में बिखेरे जलवे

अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव की तीसरी संध्या से पहले एक फैशन शो भी आयोजित किया गया। शो में शिमला के निजी विश्वविद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर विभिन्न देशों के छात्र-छात्राओं ने अपने देश के पारम्परिक परिधानों में  रैंप पर कैटवॉक कर प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम की शुरूआत विदेशी छात्र-छात्राओं ने अपने-अपने देश का झंडा दिखाकर एकता का संदेश दिया। शो में 27 देशों के 45 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इसमें बंगलादेश, मालदीप, जिम्बाब्वे, अफ्रीका, भूटान, नाइजीरिया, काबो, सार्क, नॉर्थ ईस्ट के देश, मालविन, कांगो और भारत के विभिन्न राज्यों के स्टूडैंट्स ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त फैशन शो में विभिन्न देशों के नृत्य भी देखने को मिले। स्टूडैंट्स ने अपने-अपने देशों में होने वाले डांस को खूबसूरती से पेश किया। कार्यक्रम की शुरूआत में छोटे बच्चों का फैशन शो भी आकर्षण का केंद्र रहा।

रिज पर ग्रीष्मोत्सव के साथ लोगों ने मैच का भी उठाया लुत्फ

तीसरी सांस्कृतिक संध्या में एक तरफ जहां कलाकार अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन कर रहे थे वहीं दूसरी ओर रिज मैदान पर लगी स्क्रीन पर भारत व दक्षिण अफ्रीका के बीच चल रहे वर्ल्ड कप के मुकाबले का भी लोग लुत्फ उठा रहे थे। मैच देखने के लिए रिज पर लोगों की भीड़ उमड़ी रही। मैच के दौरान लोगों में काफी जुनून देखने को मिला। इसी के साथ दर्शकों ने ग्रीष्मोत्सव के साथ मैच का डबल मजा लिया।

अंतिम संध्या में फरहान साबरी और मधुश्री भट्टाचार्य मचाएंगी धमाल

शिमला ग्रीष्मोत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में पार्श्व गायक फरहान साबरी एवं मधुश्री भट्टाचार्य मुख्य आकर्षण रहेंगे। वहीं अंतिम संध्या में गीता भारद्वाज और हिमाचली गायक हेमंत शर्मा पहाड़ी गानों पर धमाल मचाएंगे। वहीं इससे पहले अन्य लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

सांस्कृतिक परेड रहेगी आकर्षण का केंद्र, 27 देश लेंगे भाग

शिमला ग्रीष्मोत्सव एवं कार्निवाल के अंतिम दिन सांस्कृतिक परेड मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी। यह परेड 6 जून को सायं 3 से 5 बजे तक होगी। इस सांस्कृतिक परेड में ऑल इंडिया आर्टिस्ट एसोसिएशन से संबद्ध देशभर के लगभग 25 सांस्कृतिक दल, हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों के सांस्कृतिक दल और विभिन्न विश्वविद्यालयों में पढ़ रहे 27 देशों के छात्र और तिब्बतियन इंस्टीच्यूट ऑफ  परफॉर्मिंग आटर््स के कलाकार भाग लेंगे। यह सांस्कृतिक परेड एस.बी.आई. से सी.टी.ओ., स्कैंडल प्वाइंट व रानी झांसी पार्क  होते हुए रिज तक जाएगी।

Vijay