अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव : 600 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पहली बार नाटी डालकर देंगी ये संदेश

Friday, May 31, 2019 - 06:35 PM (IST)

शिमला (योगराज): शिमला में 3 से 6 जून तक आयोजित होने वाला अंतर्राष्ट्रीय ग्रीष्मोत्सव इस बार कार्निवाल की तर्ज पर आयोजित होगा। 3 से 6 जून तक सायं 3 बजे से लेकर 10 बजे तक अलग-अलग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जबकि 6 जून को स्टार नाईट पर 12 बजे तक कार्यक्रम चलेंगे। समर फैस्टीवल में पहली बार 3 जून को 600 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सामूहिक नाटी डालकर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश देंगी। डी.सी. शिमला राजेश्वर गोयल ने बताया कि 5 दिनों में सबसे पहले 3 से 5 बजे तक स्कूली बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करेंगे। 5 से 6 बजे तक संस्कृति विभाग के कलाकार कार्यक्रम रहेंगे। 7 से 8 बजे तक स्थानीय हिमाचली कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां होंगी जबकि 8 बजे से 10 बजे तक 4 स्टार नाइट होगी।

स्टार नाइट में सूफी गायिका व इंडियन आइडल फेम देंगे प्रस्तुति

स्टार नाइट में 3 जून को सूफी गायिका ममता मिश्रा व इंडियन आइडल फेम नितिन जोकि हिमाचल के ऊना से हैं वे अपनी प्रस्तुति देंगे। दूसरी संध्या पहाड़ी गायकों की रहेगी जिसमें हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध गायक विक्की चौहान, नरेंद्र ठाकुर हेमंत शर्मा, लोकेन्द्र चौहान व अन्य गायक लोगों का मनोरंजन करेंगे। तीसरी संध्या में फॉरेन स्टूडैंट का फैशन शो व सांस्कृतिक कार्यक्रम रहेंगे जबकि अंतिम संध्या जोकि स्टार नाइट होगी और 12 बजे तक चलेगी उसमं गायक मधु श्रीभट्टाचार्य व फरहान साबरी अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगी।

शिमला के आसपास के क्षेत्रों में भी होंगे कार्यक्रम

इस दौरान शिमला के आसपास के क्षेत्रों मालरोड, गेयटी थिएटर, इंदिरा गांधी खेल परिसर,स्कैंडल प्वाइंट, दौलत सिंह पार्क और आइस स्केटिंग रिंक में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें पुष्प प्रदर्शनी, डॉग शो, फूड फैस्टिवल, हैरिटेज वॉक व प्रदेश भर से लोक संस्कृति दल दिन में भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। राजस्थान, असम, हरियाणा, पंजाब आदि राज्यों से भी लोकदल अपने अपने क्षेत्र के कार्यक्रम आयोजित करेंगे। 150 लोंगो का बाहरी दल है जो 2 जून को पहुंचेगा व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करेगा। महिलाओं के लिए 4 जून को रस्साकशी खेल आयोजित होगा। 5 जून दिन को कव्वाली व 6 जून को ठोडा नृत्य आयोजित किया जाएगा। हिमाचल के बजंतरियों के लिए प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। यूथ बैंड प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को भी 2 सैक्टर में बांटा गया है तथा हर जगह पर पुलिस का पहरा रहेगा। पार्किंग के लिए भी विभिन्न स्थान चयनित किए हैं।

इंदिरा गांधी खेल परिसर में पहली बार 6 खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन

उन्होंने बताया कि हरियाणा से मैजिक शो, राजस्थान से 8 बहरूपिया शो, कलबेरिया, कच्ची घोड़ी, बच्चों के लिए आइस स्केटिंग रिंक में झूलों का आयोजन किया जाएगा जबकि इंदिरा गांधी खेल परिसर में पहली बार 6 खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इसके अलावा हिमाचली फूड फैस्टीवल, शैफ प्रतियोगिता, सेना, पुलिस, गोरखा, सी.आर.पी.एफ. रैजीमैंट सहित 5 बैंड प्रतियोगिता आयोजित होगी। हिमाचल फिल्म फैस्टीवल 5 और 6 जून को 4 से 6 बजे तक रिट्ज सिनेमा हाल में आयोजित होगा, जिसमें हिमाचल की 7 फिल्मों और डॉक्यूमैंट्री नि:शुल्क एंट्री पहले आओ पहले पाओ के आधार पर दिखाई जाएगी। फैस्टीवल के अंतिम दिन कालीबाड़ी से रिज तक डांस करते हुए विरासत परेड का आयोजन किया जाएगा।

Vijay