हिमाचल की विशेषता है देव संस्कृति में लोगों की आस्था : राज्यपाल

Friday, Feb 28, 2020 - 10:41 PM (IST)

मंडी (ब्यूरो): हिमाचल की समृद्ध देव संस्कृति और इसमें लोगों की गहरी आस्था एक ऐसी धरोहर है, जो इस पहाड़ी प्रदेश की बड़ी विशेषता है। यह बात 7 दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मंडी शिवरात्रि महोत्सव के समापन अवसर पर बतौर मुख्यातिथि पधारे राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने राजदेवता श्री माधवराय की अंतिम जलेब में शामिल होने के बाद पड्डल मैदान में जनता काे संबाेधित करते हुए कही। उन्होंने जलेब में शामिल होने के अपने अनुभव को अभूतपूर्व बताया और कहा कि देव आस्था और लोक संस्कृति का अद्भुत समागम देखकर वे अभिभूत हैं। उन्होंने इस बार जलेब की पुरातन परंपरा को पुन: स्थापित करने के लिए जिला प्रशासन की पूरी टीम व महोत्सव समिति के सभी सदस्यों की सराहना की।

महिलाओं की तरक्की के साथ जुड़ी है देश की तरक्की

राज्यपाल ने महोत्सव में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को मजबूती देने के लिए बेटियों का उनके माता-पिता के साथ हिमाचली परिधानों में रैंप वॉक और फैशन शो आयोजित करने के लिए भी महोत्सव समिति की तारीफ  की। उन्होंने कहा कि महिलाओं की तरक्की के साथ देश की तरक्की जुड़ी है। महिलाएं बढ़ेंगी तो देश बढ़ेगा। समावेशी विकास के लिए उनकी भागीदारी जरूरी है। उन्होंने महिलाओं को समान अवसर देने और उन्हें प्रोत्साहित करने की जरूरत को रेखांकित किया। राज्यपाल ने मेले में पधारे देवी-देवताओं के मान-सम्मान और सभी देवलुओं व बजंतरियों की सुविधाओं का ठीक ध्यान रखने के लिए महोत्सव समिति की पीठ थपथपाई।

नशामुक्त हिमाचल बनाने के लिए मिलकर करें प्रयास

राज्यपाल ने नशामुक्त हिमाचल बनाने के लिए सभी से मिलकर प्रयास करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि हिमाचल को नशे के चंगुल से बचाने के लिए सभी के समन्वित प्रयासों की जरूरत है। मेहनतकश हिमाचलियों के बूते आज राज्य अन्यों के लिए विकास की मिसाल बन गया है। उन्होंने भविष्य में भी इस विकास यात्रा को अनवरत जारी रखने के लिए इसी प्रकार मिलकर काम करने पर बल दिया।

5 दशक की स्वर्णिम यात्रा पर केंद्रित प्रदर्शनी का किया अवलोकन

इस मौके पर राज्यपाल ने महोत्सव में करवाई गई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए। इसके उपरांत राज्यपाल ने पड्डल में विभिन्न विभागों की हिमाचल की 5 दशक की स्वर्णिम यात्रा पर केंद्रित प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि साल 2020 के हिमाचल के पूर्ण राज्यत्व के स्वर्ण जयंती वर्ष होने के चलते इस बार के शिवरात्रि महोत्सव का थीम हिमाचल की 5 दशक की स्वर्णिम यात्रा पर केंद्रित रहा।

डीसी मंडी ने किया राज्यपाल का स्वागत

मंडी के डीसी एवं मेला समिति के अध्यक्ष ऋग्वेद ठाकुर ने राज्यपाल का स्वागत किया और उत्सव के पिछले 7 दिनों के दौरान आयोजित की गई विभिन्न गतिविधियों का ब्यौरा दिया। उन्होंने इस अवसर पर राज्यपाल को सम्मानित भी किया। समापन समारोह में मंडी के विधायक अनिल शर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष सरला ठाकुर, नगर परिषद अध्यक्ष सुमन ठाकुर, उपाध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा, पार्षदगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि तथा एसपी गुरदेव शर्मा मौजूद रहे।

Vijay