अंतर्राष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव: कल्चरल परेड में देश-विदेश के 35 दलों ने जमाया रंग, फायर और LED डांस शो ने माेहा मन

punjabkesari.in Friday, Feb 20, 2026 - 11:02 PM (IST)

मंडी (फरेंद्र): अंतर्राष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय कल्चरल परेड में शुक्रवार को देश-विदेश के 35 सांस्कृतिक दलों ने भाग लेकर पूरे शहर को रंग, संगीत और लोक परंपराओं से सराबोर कर दिया। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने डीसी कार्यालय परिसर से परेड को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। परेड सेरी मंच से होते हुए इंदिरा मार्कीट परिसर तक पहुंची, जहां मार्ग के दोनों ओर खड़े हजारों लोगों ने कलाकारों का स्वागत किया। सबसे आगे भारत का तिरंगा लहराता रहा था, जिसके पीछे देश-विदेश के कलाकार पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य प्रस्तुत करते हुए आगे बढ़े। परेड के अंत में मधुर धुनों के साथ होमगार्ड का बैंड आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस अवसर पर विधायक चंद्रशेखर, पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर, पूर्व विधायक तिलक राज, जल प्रबंधन बोर्ड उपाध्यक्ष शशि शर्मा व एपीएमसी अध्यक्ष संजीव गुलेरिया समेत अन्य मौजूद रहे।

11 देशों के कलाकारों ने दिखाई सांस्कृतिक विविधता
अंतर्राष्ट्रीय दलों में अर्जेंटीना, फ्रांस, संयुक्त राज्य अमरीका, श्रीलंका (2 दल), रूस, अफ्रीकी महाद्वीप के तंजानिया, नाइजीरिया, घाना, जिम्बाब्वे, लाइबेरिया, स्वाजीलैंड, लेसोथो, कैमरून व दक्षिण अफ्रीका, वेनेजुएला, नेपाल, कजाकिस्तान और कंबोडिया के कलाकार शामिल रहे। अर्जेंटीना के कलाकारों ने फायर डांस से रोमांच पैदा किया, जबकि रूस के कलाकारों ने एलईडी डांस से आधुनिकता और परंपरा का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।

अंतर्राष्ट्रीय और हिमाचली लोक दलों ने दी दमदार प्रस्तुतियां
सांस्कृतिक परेड में देश के 7 राष्ट्रीय दलों राजस्थान, गुजरात, उत्तराखंड, पंजाब (2 दल), असम और मणिपुर ने दर्शकों को खूब लुभाया। इसके अलावा शिमला, हमीरपुर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, चम्बा, किन्नौर और सिरमौर जिलों के दलों ने हिमाचली लोक संस्कृति की झलक पेश की। मंडी जिले के 5 स्थानीय दलों तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा प्रस्तुत मंडव शो विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News