रामपुर में अंतर्राष्ट्रीय लवी मेले का आगाज, राज्यपाल ने किया शुभारंभ

Friday, Nov 11, 2022 - 07:31 PM (IST)

रामपुर बुशहर (नोगल): राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने रामपुर बुशहर में अंतर्राष्ट्रीय लवी मेले का विधिवत तौर पर शुभारंभ किया। इस मौके पर राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को अंतर्राष्ट्रीय लवी मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लवी केवल व्यापारिक उत्सव नहीं है, बल्कि आज यह उत्सव हिमाचल प्रदेश का सांस्कृतिक मेला बन गया है। उन्होंने लवी मेला आयोजन समिति को इस भव्य आयोजन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि लोग उत्साह के साथ मेले में सम्मिलित होते हैं, जिसका इतिहास लगभग तीन शताब्दी से भी पुराना है। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे लवी मेले के साथ-साथ लोकतंत्र के उत्सव में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि 12 नवम्बर को वे अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि उनका एक-एक मत ही लोकतंत्र को मजबूत बनाता है, इसलिए सफल लोकतंत्र के लिए अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

किन्नौरी बाजार और प्रदर्शनियों का लोकार्पण
राज्यपाल ने इस अवसर पर किन्नौरी बाजार और प्रदर्शनियों का लोकार्पण भी किया और प्रदर्शनों में गहरी रुचि दिखाई। इस अवसर पर स्कू ली बच्चों ने भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसमें छात्रों ने देशभक्ति गीत, कोशिश एक आशा संस्था के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम व योग के विभिन्न आसनों का प्रदर्शन कर शरीर को बलवान बनाने के लिए योग की आवश्यकता के बारे में जागरूक किया। इससे पूर्व लवी मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष व जिलाधीश शिमला आदित्य नेगी ने राज्यपाल का लवी मेले में पहुंचने पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी रामपुर बुशहर में लवी मेला 11 नवम्बर से 14 नवम्बर तक मनाया जा रहा है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डाॅ. मोनिका भुटुंगरु सहित अन्य गण्यमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

राज्यपाल ने पी कोदे की चाय व जैम के साथ खाई कोदे की रोटी 
अंतर्राष्ट्रीय लवी मेले में राज्यपाल ने महिलाओं के माध्यम से कोदे की चाय पी व कोदे के आटे की रोटी जैम के साथ खाई। इस दौरान राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने महिलाओं को ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा देकर पारंपरिक खाद्य वस्तुओं व अनाज को उगाने का आह्वान किया। इसके अलावा राज्यपाल ने कृषि, बागवानी, पशुपालन विभाग, नाथपा झाखड़ी जलविद्युत परियोजना, स्वास्थ्य व वन विभाग की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। राज्यपाल ने किन्नौरी मार्कीट में खाद्य वस्तुओं व सूखे मेवों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान किन्नौर ऊनी वस्तुओं की कला की भी सराहना की।  

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay