धर्मशाला स्टेडियम बनेगा शतरंज का बोर्ड! IPL मुकाबलों के लिए अनोखे अंदाज में तैयार हो रहा मैदान

punjabkesari.in Saturday, Apr 11, 2026 - 11:43 AM (IST)

धर्मशाला (सुनील): धर्मशाला में होने वाले आईपीएल मुकाबलों के दौरान स्टेडियम की आऊटफील्ड चैस बोर्ड के डिजाइन में नजर आएगी। इसके लिए स्टेडियम की आऊटफील्ड में शतरंज के डिब्बों के डिजाइन में घास की कटिंग की जा रही है। इस बार नई आऊटफील्ड पर आईपीएल के मैच होंगे। आऊटफील्ड की घास की चैस पैटर्न में कटिंग की जा रही है। यह डिजाइन मैच के दौरान भी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र होगा। हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में आगामी 11, 14 और 17 मई को होने वाले आईपीएल के रोमांचक मुकाबलों के लिए तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। इस बार क्रिकेट प्रेमियों को मैदान पर केवल छक्कों की बरसात ही नहीं, बल्कि एक अद्भुत नजारा भी देखने को मिलेगा। स्टेडियम की आऊटफील्ड को चैस बोर्ड (शतरंज) के डिजाइन में तैयार किया जा रहा है। 

PunjabKesari

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में 11 मई से शुरू होने वाले आईपीएल मुकाबलों के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस बार के सभी रोमांचक मैच स्टेडियम की मुख्य सैंटर पिच पर खेले जाएंगे, जिसके लिए एचपीसीए की पिच और मैदान समिति ने विशेष प्रबंध किए हैं। स्टेडियम में कुल 9 पिचें उपलब्ध हैं, लेकिन आईपीएल की जरूरतों को देखते हुए मध्य की पिचों को ही खास तौर पर तैयार किया गया है। इन पिचों की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इनमें विकेट कैमरा लगाने की भी आधुनिक व्यवस्था की गई है, जिससे दर्शकों को मैच के हर पल का सटीक और नजदीकी अनुभव मिल सकेगा।

बारिश से खिला मैदान
धर्मशाला में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश मैदान के लिए वरदान साबित हुई है। आमतौर पर गर्मियों में तेज धूप के कारण स्टेडियम की घास जल जाती थी, जिसे ठीक करने के लिए हर साल दोबारा बीज डालने पड़ते थे, लेकिन इस बार बारिश की वजह से आऊटफील्ड पूरी तरह हरा-भरा और जीवंत बना हुआ है। इससे न केवल मैदान की खूबसूरती बढ़ी है, बल्कि खिलाड़ियों को भी एक बेहतरीन और सुरक्षित आऊटफील्ड मिलेगी।

क्या कहते हैं एचपीसीए धर्मशाला के सचिव
एचपीसीए धर्मशाला के सचिव मनुज शर्मा ने बताया कि 11, 14 और 17 मई को होने वाले ये रोमांचक मुकाबले खेल प्रेमियों के लिए बेहद खास होंगे। प्रशंसकों को विश्व स्तरीय सुविधाओं के साथ पहाड़ियों के बीच क्रिकेट का शानदार अनुभव देने के लिए हम पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

 

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News