पति की दवाई लेने घर से निकली थी महिला, अब PGI में लड़ रही जिंदगी की जंग

Friday, Nov 22, 2019 - 08:15 PM (IST)

सुंदरनगर (अंसारी): सुंदरनगर की एक महिला पीजीआई में जिंदगी की जंग लड़ रही है। पुलिस के साथ महिला के परिजन भी हैरान है कि उसे इस हालत में पहुंचाने वाला कौन है। फिलहाल पुलिस महिला के होश में आने का इंतजार कर रही है। महिला की पहचान पौड़ाकोठी निवासी रूकी देवी (54) पत्नी अमर सिंह के रूप में हुई है। महिला का पति अमर सिंह कई वर्षों से बीमार है। महिला का एक बेटा और 2 बेटियां है, जिनकी शादी हो चुकी है। 

जानकारी के अनुसार बुधवार को रूकी देवी पौड़ाकोठी से पति की दवाइयां लेने सुंदरनगर के लिए निकली थी। बस स्टैंड पर उतरने के बाद वह सुंदरनगर नागरिक अस्पताल पहुंची। उसने वहां स्थित एक निजी अस्पताल में भी पर्ची बनाई है लेकिन इसके उपरांत वह कहां गई और कैसे गंभीर रूप से घायल हुई और कौन उसे अस्पताल पहुंचा गया। इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। 

महिला सुंदरनगर नागरिक अस्पताल के आपात वार्ड में घायल होने से अचेत अवस्था में पाई गई। महिला की हालत देखकर इसकी सूचना सुंदरनगर पुलिस को दी गई। पुलिस अधिकारी ने त्वरित कार्रवाई को अंजाम देते हुए अस्पताल में महिला के सामान की तलाशी ली इस दौरान निजी अस्पताल और एक सुंदरनगर नागरिक अस्पताल की पर्ची मिली, जिससे महिला की पहचान हुई।

सुंदरनगर पुलिस के जांच अधिकारी संजीव कुमार ने कहा कि महिला की पहचान के बाद उसके बेटे को बुलाया गया। इसके बाद महिला को गंभीर हालत के चलते अस्पताल से पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया है। सुंदरनगर डीएसपी गुरबचन सिंह ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

Vijay