भाजपा शासनकाल में स्मार्ट सिटी राशि का हुआ दुरुपयोग, काम के नाम पर शहर में डंगे लगाए : हर्षवर्धन

Tuesday, Apr 18, 2023 - 10:59 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): उद्योग, आयुष व संसदीय कार्य मंत्री के साथ नगर निगम शिमला चुनाव के लिए कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन चौहान ने आरोप लगाया है कि भाजपा शासनकाल के समय स्मार्ट सिटी राशि का दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में काम के नाम पर डंगे लगाए गए हैं। हर्षवर्धन चौहान ने विशेष बातचीत में कहा कि सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार व्यवस्था परिवर्तन की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने एटिक फ्लों को आवासीय अनुमति देकर लोगों की लंबे समय में चली आ रही मांग को पूरा किया है।अब एटिक की ऊंचाई भी बढ़ पाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में रहते हुए इसकी सिर्फ बातें करती रही। उन्होंने कहा कि यदि नगर निगम चुनाव के लिए आदर्श चुनाव आचार संहिता नहीं लगती तो बेसमैंट को भी पार्किंग के लिए खोल दिया जाता। इससे शहर में पार्किंग की बढ़ी समस्या दूर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सर्वे के आधार पर टिकट दिए हैं तथा टिकट से वंचित रहे नेताओं की नाराजगी को दूर किया जाएगा।

पानी व कूड़े के दाम व्यवस्थित करेंगे
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि पानी व कूड़े के दाम को आगामी समय में व्यस्थिति किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर कूड़े को उठाने की व्यवस्था सही नहीं है, जिसे दुरुस्त किया जाएगा। कई जगह पानी की सही व्यवस्था नहीं है, जिसको ठीक करने की आवश्यकता है। 

आर्थिक स्थिति खराब होने के बावजूद पुरानी पैंशन बहाल की
हर्षवर्धन चौहान ने आरोप लगाया कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति खराब होने के बावजूद पुरानी पैंशन को बहाल कर दिया गया। उन्होंने कहा कि इससे कर्मचारियों की लंबी समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है। विकट हालात के बावजूद भाजपा सरकार की तरफ से रोकी गई 3 फीसदी डीए की किस्त कर्मचारी और पैंशनरों को जारी करने का निर्णय लिया गया है।

प्रदेश की बदहाली के लिए पूर्व सरकार जिम्मेदार
उद्योग मंत्री ने आरोप लगाया कि प्रदेश की आर्थिक बदहाली के लिए पूर्व सरकार जिम्मेदार है। वर्तमान सरकार ने प्रदेश को आर्थिक संकट से बाहर निकालने की दिशा में कार्य करना शुरू कर दिया है। आय के अतिरिक्त संसाधनों को जुटाने का प्रयास किया जा रहा है तथा धीरे-धीरे प्रदेश की आर्थिकी को पटरी पर लाएंगे।

युवाओं को रोजगार भी देंगे
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार भी देगी। इसके लिए सरकारी क्षेत्र में खाली पदों को चरणबद्ध तरीके से भरने का प्रयास किया जा रहा है। इसी तरह निजी क्षेत्र में निवेश को लेकर बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay