विक्रमादित्य सिंह के बयान पर बिफरे उद्योग मंत्री, दिया ये बड़ा बयान

Thursday, Dec 20, 2018 - 10:23 PM (IST)

शिमला: उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ने कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह की तरफ से प्रदेश सरकार के खिलाफ की गई बयानबाजी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने 1 साल के छोटे से कार्यकाल में 10,000 करोड़ रुपए की परियोजनाएं स्वीकृत करवाई हंै। उन्होंने कहा कि विधायक की बयानबाजी उनकी राजनीतिक अपरिपक्वता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग 5 वर्षों में कांग्रेस कार्यकाल की कारगुजारी से भलीभांति परिचित हैं और शीघ्र ही उनके कार्यकाल के दौरान किए गए भ्रष्टाचार का कच्चा चिट्ठा लोगों के सामने आ जाएगा।

अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे कांग्रेस नेता

उन्होंने बयान जारी करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी अनेक धड़ों में बंटी हुई है और उसके नेता अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राज्य के समान एवं संतुलित विकास को सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याण व विकासोन्मुखी योजनाओं के परिणामस्वरूप ही हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में बड़े राज्यों की श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ आंका गया है। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य को अब इस बात को स्वीकार कर लेना चाहिए कि प्रदेशवासियों ने कांग्रेस पार्टी को पूरी तरह नकार दिया है।

जनमंच के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी विक्रमादित्य की संकीर्ण मानसिकता

उन्होंने जनमंच की आलोचना करने के लिए भी कांग्रेस विधायक की ङ्क्षनदा की। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए आरंभ किए गए इस कार्यक्रम के बारे में अशोभनीय टिप्पणी करना विक्रमादित्य सिंह की संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का आयोजन सरकार द्वारा लोगों के घर-द्वार पर उनकी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए किया जा रहा है जिससे लोगों के समय और धन की बचत होती है और घर के समीप ही उनकी समस्याओं को सुलझा लिया जाता है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत अभी तक 74 जनमंच आयोजित कर 20,000 से अधिक जनसमस्याओं का निपटारा किया गया है।

कानून व्यवस्था पर टिप्पणी करने से पहले चिंतन करे कांग्रेस  

प्रदेश में कानून व्यवस्था पर मंत्री ने कहा कि इस पर टिप्पणी करने से पहले कांग्रेस विधायक को कांग्रेस कार्यकाल के दौरान प्रदेश की बदहाल कानून व्यवस्था पर भी चिंतन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गुड़िया और होशियार सिंह हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को देशभर में शर्मसार किया है। उन्होंने कहा कि आज भी पुलिस के कुछ वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी जमानत के लिए तरस रहे हैं। उन्होंने विक्रमादित्य को सुझाव दिया कि वह निराधार बयानबाजी करने से गुरेज करें क्योंकि इससे उन्हें कुछ भी हासिल होने वाला नहीं है।

Vijay