हिमाचल में 5 से 25 रुपए तक बढ़े सीमैंट के दाम : विक्रम सिंह

Tuesday, Jul 23, 2019 - 09:58 PM (IST)

शिमला: प्रदेश के कुछ स्थानों पर सीमैंट के दाम में 5 से 25 रुपए प्रति बैग की बढ़ौतरी हुई है। इसके तहत चम्बा जिला में सीमैंट के दाम 15 से 20 रुपए की बढ़ौतरी हुई है जबकि सोलन जिला के परवाणु में 20 से 25 रुपए की वृद्धि हुई है। हालांकि प्रदेश के कुछ स्थानों जैसे डमटाल में अंबुजा सीमैंट के दाम में 5 रुपए तथा कांगड़ा जिला में सी.सी.आई. सीमैंट के दाम में 10 रुपए की कटौती भी हुई है। प्रदेश में कांग्रेस नेताओं की तरफ से सीमैंट के दाम में 50 रुपए तक बढ़ौतरी के आरोप लगाए जाने के बाद उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ने यह सफाई दी है। उन्होंने कहा कि शिमला, चम्बा, कुल्लू, हमीरपुर और कांगड़ा जिलों में सीमैंट की दरों में 5 रुपए से 20 रुपए का अंतर है जबकि हिमाचल प्रदेश के साथ लगते पंजाब राज्य के क्षेत्रों में यह अंतर 5 रुपए से 15 रुपए तक है।

हमीरपुर जिला में सीमैंट की दरों में 5 से 10 रुपए की वृद्धि

उन्होंने कहा कि 22 जुलाई को प्राप्त की गई रिपोर्ट के अनुसार शिमला जिला में ए.सी.सी., अंबुजा, अल्ट्राटैक और सी.सी.आई. सीमैंट कंपनियों की सीमैंट दरों में 3 से 5 रुपए की कमी आई है। चम्बा जिला में सीमैंट के दाम 15 से 20 रुपए जबकि कांगड़ा जिला में 4 व 5 रुपए बढ़े हैं लेकिन सी.सी.आई. सीमैंट की दर में 10 रुपए की गिरावट भी आई है। इसी तरह कुल्लू जिला में सीमैंट की दरों में 9 से 15 रुपए और ऊना जिला में 8 से 12 रुपए की बढ़ौतरी हुई है। सोलन जिला के परवाणु में सीमैंट की दरों में 20 से 25 रुपए, ऊना जिला के मैहतपुर में 5 से 15 रुपए की वृद्धि हुई है जबकि डमटाल में अंबुजा सीमैंट में 5 रुपए की गिरावट हुई है। हमीरपुर जिला में सीमैंट की दरों में 5 से 10 रुपए की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि पहले हिमाचल प्रदेश के साथ लगते पंजाब के इलाकों में सीमैंट की दरें आमतौर पर कम हुआ करती थीं लेकिन अब यहां सीमैंट की दरें सामान्य रूप से अधिक हैं जिसका प्रभाव पंजाब राज्य के साथ लगते हिमाचल के क्षेत्रों में भी हुआ है।

कांग्रेस नेता कर रहे गलत बयानबाजी

उद्योग मंत्री ने आरोप लगाया कि प्रदेश में सीमैंट की दरों में अन्य राज्यों की तरह केवल 5 से 25 रुपए तक बढ़ौतरी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता गलत बयानबाजी कर रहे हैं कि प्रदेश में सीमैंट प्रति बैग 50 रुपए की अधिक दर से बिक रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बार-बार चुनाव हार रही है और इसके नेताओं के पास कोई मुद्दा नहीं है। इसी कारण वे अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह कहना सरासर गलत और बेबुनियाद है कि सरकार सीमैंट की कीमतों पर नियंत्रण रखने में विफ ल रही है और खुले बाजार में सभी सीमैंट कंपनियों ने सीमैंट की कीमत 50 रुपए प्रति बैग बढ़ा दी है।

Vijay