Kangra: वन विभाग इंदौरा की बड़ी कार्रवाई, 150 क्विंटल लकड़ी से लदे 4 वाहन जब्त
punjabkesari.in Saturday, Nov 28, 2026 - 06:15 PM (IST)
इंदौरा (अजीज): वन संपदा के अवैध कटान और तस्करी के खिलाफ वन विभाग इंदौरा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पलाहघाट के समीप लकड़ी से लदे 4 मालवाहक वाहनों को पकड़ लिया। इनमें 3 पिकअप और एक कैंटर शामिल है। वाहनों में करीब 150 क्विंटल लकड़ी लदी हुई थी। जांच के दौरान चालक लकड़ी के कटान और परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए, जिसके चलते विभागीय टीम ने चारों वाहनों को लकड़ी सहित कब्जे में ले लिया। जानकारी के अनुसार वन विभाग की टीम को गंगथ-सहौड़ा मार्ग से इंदौरा की ओर आने वाले लिंक मार्ग पर लकड़ी के अवैध परिवहन की आशंका थी। इसके चलते पलाहघाट के समीप सुबह तड़के नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान एक के बाद एक 4 वाहनों को जांच के लिए रोका गया।
वन खंड अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि वन परिक्षेत्र अधिकारी अब्दुल हमीद और वन मंडल अधिकारी संदीप कोहली के निर्देशानुसार क्षेत्र में अवैध कटान पर रोक लगाने के लिए गश्त और निगरानी बढ़ाई गई है। वन मंडल अधिकारी संदीप कोहली ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि वन संपदा के अवैध कटान और गैरकानूनी परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा विभाग का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

