विधवा पुनर्विवाह राशि में बढ़ौतरी, अब मिलेंगे इतने हजार रुपए

Friday, Jan 20, 2017 - 10:11 PM (IST)

धर्मशाला: विधवा पुनर्विवाह योजना के अंतर्गत दी जाने वाली अनुदान राशि को 25 हजार रुपए से बढ़ाकर 50 हजार रुपए किया गया है और इस अवधि के दौरान प्रदेश सरकार ने 188 लाख रुपए खर्च कर 432 विधवाओं को लाभान्वित किया है। प्रदेश सरकार ने मदर टैरेसा असहाय मातृ संबल योजना के अंतर्गत दी जाने वाली राशि को भी बढ़ाया है और गत 4 वर्षों के दौरान 21 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। योजना से प्रदेश की 78,847 महिलाएं लाभान्वित हुई हंै। यह जानकारी मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने धर्मशाला में महिला कल्याण बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी व्यक्ति महिलाओं के बिना समाज के विकास के बारे में सोच भी नहीं सकता। 

महिलाओं के लिए अनेक योजनाएं व कार्यक्रम कार्यान्वित
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. धनी राम शांडिल ने मुख्यमंत्री तथा अन्य सदस्यों का महिला कल्याण बोर्ड की बैठक में शामिल होने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं व कार्यक्रम कार्यान्वित किए जा रहे हैं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की सचिव अनुराधा ठाकुर ने बैठक की कार्रवाई का संचालन किया। बैठक में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स, मुख्य सचिव वी.सी. फारका, अतिरिक्त मुख्य सचिव तरुण श्रीधर और आर.डी. धीमान सहित अन्य गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

के.सी.सी.बी. की 8 शाखाओं का ऑनलाइन शुभारंभ
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने धर्मशाला में कांगड़ा केंद्रीय को-आप्रेटिव बैंक प्राइवेट लिमिटिड (के.सी.सी.बी.) के मुख्य कार्यालय परिसर से बैंक की 8 शाखाओं का ऑनलाइन लोकार्पण किया। इन शाखाओं में कांगड़ा जिला में मेन पालमपुर, पंचरुखी, पढियारखर, महाकाल तथा भवारना और ऊना जिला में थानाकलां, मुबारिकपुर और हारसी शामिल हैं।