भीषण अग्निकांड: गैस लीक होते ही सिलेंडर ने पकड़ ली आग...फिर हुए 2 ब्लास्ट, दोमंजिला मकान जलकर राख
punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2026 - 07:50 PM (IST)
गोहर (सतीश): मंडी जिला के गोहर क्षेत्र में बुधवार को एक भयंकर अग्निकांड पेश आया, जिसमें दोमंजिला मकान जलकर राख हो गया। आग लगने का प्राथमिक कारण रसोई गैस सिलेंडर में हुआ रिसाव माना जा रहा है। इस अग्निकांड में लाखों रुपए की संपत्ति जलकर खाक हो गई और 2 परिवार पूरी तरह बेघर हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार बागाचनोगी उपतहसील की जैंशला पंचायत के भैंचड़ी गांव निवासी टीकम सिंह की रसोई में गैस लीक होने से आग भड़क उठी। पारंपरिक काष्ठकुणी शैली से निर्मित होने के कारण घर ने तेजी से आग पकड़ ली। लपटें इतनी भयंकर थीं कि वे तुरंत दूसरे भाई टिंबर सिंह की रसोई तक पहुंच गईं, जिसके बाद दोनों रसोइयों में रखे गैस सिलेंडरों में जोरदार धमाका हुआ। इन धमाकों से गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लकड़ी का ढांचा होने के कारण पूरा घर जलकर नष्ट हो गया। यह 3 भाइयों का संयुक्त मकान था, जिसमें से 2 परिवार यहीं रहते थे जबकि एक परिवार कुल्लू में रहता है।
घटना की जानकारी मिलते ही थुनाग के एसडीएम संजीत शर्मा ने अपनी टीम के साथ मौके का मुआयना किया। उन्होंने बेघर हुए परिवारों से मुलाकात कर उन्हें फौरी राहत प्रदान की। प्रभावितों को नकद राशि, राशन, तिरपाल और बर्तन वितरित किए गए हैं। एसडीएम ने राजस्व अधिकारियों को नुक्सान की विस्तृत रिपोर्ट जल्द तैयार करने के निर्देश दिए हैं ताकि सरकार की ओर से प्रभावितों को उचित मुआवजा दिया जा सके।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

