भीषण अग्निकांड: 3 मंजिला कॉटेज जलकर राख, 11 बेजुबानों की मौत...30 लाख की संपत्ति का नुक्सान

punjabkesari.in Wednesday, Nov 18, 2026 - 01:56 PM (IST)

कुल्लू: जिला कुल्लू की पर्यटन नगरी मनाली से सटे नसोगी गांव में मंगलवार देर रात हुए भीषण अग्निकांड में तीन मंजिला रिहायशी कॉटेज जलकर राख हो गया। आधी रात को भड़की इस आग ने जहां लाखों रुपए के आशियाने को मलबे में तब्दील कर दिया, वहीं इस हादसे में कॉटेज के भीतर मौजूद 11 पालतू बिल्लियों की भी झुलसकर मौत हो गई। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी तरह की मानवीय हानि नहीं हुई है। अग्निकांड में प्रारंभिक तौर पर करीब 30 लाख रुपए की संपत्ति के नुक्सान का आकलन किया गया है।

जानकारी के अनुसार यह हादसा रात करीब 12 बजे नसोगी गांव स्थित गौरी डोगरा के तीन मंजिला कॉटेज में पेश आया। अज्ञात कारणों से अचानक भड़की आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। आग फैलने की रफ्तार इतनी तेज थी कि कॉटेज के भीतर रखा सारा कीमती सामान और भवन का ढांचा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। लपटों और धुएं के बीच घिरने के कारण भीतर मौजूद 11 पालतू बिल्लियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना अग्निशमन केंद्र मनाली को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम वाहनों के साथ तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। दमकल कर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का कार्य शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। दमकल विभाग की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के चलते घटनास्थल के ठीक पास स्थित तीन अन्य रिहायशी कॉटेज को आग की चपेट में आने से सुरक्षित बचा लिया गया। बचाई गई इन संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपए बताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News