शिमला में Apple Festival का आगाज, CM Jairam ने काटा 200 KG का Cake (Pics)

Friday, Sep 27, 2019 - 07:19 PM (IST)

शिमला (योगराज): शिमला घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए हिमाचली सेब खासे आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। शिमला के गेयटी थियेटर में पर्यटन विभाग द्वारा 2 दिवसीय एप्पल फैस्टिवल का आयोजन किया गया है जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सेब से बने साढ़े चार फीट ऊंचे और 200 किलो के केक को काट कर किया।

सेब से बने इस केक ने ‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड’ में सबसे बड़े केक के रूप में अपना नाम भी दर्ज किया। फैस्टिवल का मकसद हिमाचली सेब को ज्यादा से ज्यादा प्रमोट करना है। फैस्टिवल में प्रदेश के बागवानों के बगीचों में पैदा होने वाले अलग-अलग किस्म के सेब लगाए गए हैं।

सेब के साथ नाशपाती, फ्लावर और सेब से बने जूस और अन्य उत्पाद को भी फैस्टिवल में लगाया गया है। 350 बागवानों के सेब प्रदर्शनी में लगाए गए हैं, जिन्हें पर्यटकों के साथ स्थानीय लोग भी काफी पसंद कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेब हिमाचल प्रदेश की आर्थिकी में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ पर्यटन को बढ़ावा देता है। प्रदेश में बागवानी को विकसित करने के लिए सरकार ने अलग-अलग योजनाएं शुरू की हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के बागवान सरकार की मदद के बिना भी बागवानी में अलग प्रयोग करके अच्छी और नई किस्म के सेब पैदा कर रहे हैं। सरकार सेब की पैदावार बढ़ाने और सेब के अच्छे दाम दिलाने के लिए प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि दुनिया भर से सेब की अलग-अलग किस्में बाजार में आ रही हैं, जिस वजह से कम्पीटीशन बढ़ गया है इसलिए प्रदेश में भी बागवानों को नए एक्सपैरिमैंट और नई तकनीक के साथ काम करना होगा।

Vijay