ढाई साल पहले की थी लव मैरिज....अब पति से तंग आकर महिला ने उठाया ऐसा खौफनाक कदम, घर में मच गई चीख-पुकार

punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2026 - 12:22 PM (IST)

Sirmour News: पांवटा साहिब के पुरुवाला थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोजर गांव में एक विवाहिता द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका की माता ने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे दहेज प्रताड़ना और मारपीट का परिणाम बताया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

मृतका की पहचान रजनी (26) के रूप में हुई है। उसकी माता शिमला देवी, निवासी श्यामपुरभूड्ड, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रजनी ने करीब ढाई साल पहले रामकुमार उर्फ रोहित के साथ भागकर प्रेम विवाह किया था। शुरुआत में परिवार ने इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया था, लेकिन कुछ समय बाद ही पति रामकुमार का व्यवहार बदल गया। मृतका की मां का आरोप है कि रामकुमार पिछले दो वर्षों से रजनी के साथ अक्सर मारपीट करता था और उसे प्रताड़ित करता था। यहां तक कि वह रजनी और उनकी नन्हीं बेटी काव्या को मायके भी नहीं आने देता था। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे गोजर ग्राम पंचायत के प्रधान ने मृतका के परिजनों को फोन पर रजनी द्वारा फंदा लगाने की दुखद सूचना दी।

परिजनों ने पति पर लगाया गंभीर आरोप

परिजनों का स्पष्ट आरोप है कि रजनी ने यह आत्मघाती कदम पति द्वारा दी जा रही शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के चलते उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रही मारपीट और तंगहाली ने रजनी को मौत को गले लगाने पर मजबूर कर दिया। इस संवेदनशील मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने कहा कि पुलिस को शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की गंभीरता को देखते हुए कानून की उचित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसपी ने कहा, "पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है। मृतका के पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।"

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News