शर्मनाक! नशे में धुत बेटे ने मां के साथ की बदसलूकी, घर से निकाला और दी जान से मारने की धमकी

punjabkesari.in Friday, Aug 21, 2026 - 11:15 AM (IST)

Mandi News : जिला मंडी के थाना सुंदरनगर के अंतर्गत आने वाले नाल गांव में शराब के नशे में एक बेटे द्वारा अपनी मां के साथ कथित तौर पर बदसलूकी करने का मामला सामने आया है। आरोप हैं कि बेटे ने नशे की हालत में घर पहुंचकर न केवल हुड़दंग मचाया, बल्कि मां के साथ धक्का-मुक्की कर उसे घर से बाहर भी निकाल दिया।

आरोप ये भी हैं कि आरोपी ने मां और भाइयों को दराट और कुल्हाड़ी दिखाकर जान से मारने की धमकियां दीं। इस दौरान आरोपी ने घर के दरवाजे हथौड़े से तोड़ डाले और घरेलू सामान को बाहर फेंक कर काफी नुक्सान पहुंचाया। थाना में दर्ज करवाई प्राथमिकी में मां कलाष्णू देवी पत्नी स्व. मनीराम, भाई बंशी राम तथा रोशन लाल पुत्र स्व. मनीराम निवासी गांव नाल डाकघर चुरढ़ तहसील सुंदरनगर ने कहा है कि जीत राम पुत्र स्व. मनीराम बुधवार को शराब के नशे में घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा।

शिकायतकर्ताओं के मुताबिक आरोपी ने पावर टिल्लर, अनाज, पशुओं के चारे की 2 बोरियां, खल, ट्रंक और अन्य घरेलू सामान भी बाहर फेंक दिया। इस घटना में 1 लाख रुपए से अधिक का नुक्सान होने का दावा किया गया है। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस थाना सुंदरनगर में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News