सिस्टम की खामियों से परेशान जिला सांख्यिकी अधिकारी ने जंगल में दी जान, 2 पेज के सुसाइड नोट में बयां किया दर्द
punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 11:22 AM (IST)
Sirmour News: हिमाचल प्रदेश में एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी की आत्महत्या का मामला सामने आया है, जिसने प्रशासनिक कार्यसंस्कृति और विभागीय दबावों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिला सांख्यिकी अधिकारी ने कथित तौर पर सिस्टम में मौजूद खामियों और कार्यस्थल पर मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर यह कदम उठाया, जिसका उल्लेख उन्होंने अपने सुसाइड नोट में भी किया है।
दो पेज का सुसाइड नोट बरामद
जानकारी के अनुसार, मामला सिरमौर जिले के उपमंडल राजगढ़ के हाब्बन क्षेत्र के कोढ़ब बागना का है। बताया जा रहा है कि कोढ़ब बागना गांव निवासी और जिला सांख्यिकी कार्यालय सोलन में तैनात प्रेम प्रकाश भगनाल (40) ने सोमवार को अपने गांव के समीप जंगल में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटनास्थल से पुलिस को दो पेज का सुसाइड नोट बरामद हुआ है। सुसाइड नोट में प्रेम प्रकाश भगनाल ने प्रशासनिक कार्यशैली, विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के व्यवहार, तथा आपसी संवाद की कमी को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। नोट में उन्होंने स्पष्ट लिखा है कि यह कदम किसी व्यक्तिगत विवाद के कारण नहीं, बल्कि सिस्टम में मौजूद खामियों और लगातार मानसिक दबाव के चलते उठाया गया है।
परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
मृतक के पिता केदार सिंह सहित परिजनों ने इस मामले की गहन और निष्पक्ष जांच की मांग की है। पिता ने बताया कि प्रेम प्रकाश कुछ दिनों से अवकाश पर घर आए हुए थे और इस दौरान वह मानसिक रूप से काफी परेशान नजर आ रहे थे। उन्होंने परिजनों को बताया था कि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी कर्मचारी उन पर गलत तरीके से कार्य करने का दबाव बना रहे थे, जिससे उनकी मानसिक स्थिति लगातार बिगड़ रही थी।
मामला दर्ज
इधर, घटना की सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। एएसपी योगेश रोल्टा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सुसाइड नोट सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

