हिमाचल में वन विभाग का बड़ा एक्शन: दबोचा शिकारी... जंगली जानवर के मांस सहित बंदूक और हथियार बरामद

punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 04:16 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल की शांत वादियों में वन्यजीवों के खून से होली खेलने वाले एक शातिर शिकार के खेल का वन विभाग ने पर्दाफाश किया है। उपमंडल पांवटा साहिब के किशनकोट गांव में विभाग की एक मुस्तैद टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक व्यक्ति को वन्यप्राणी के शिकार के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी न केवल शिकार कर रहा था, बल्कि घर से ही वन्यजीव के मांस का अवैध कारोबार भी चला रहा था।

पत्ते हटे तो सामने आया खूनी खेल

वन विभाग को सूचना मिली थी कि दर्शन लाल नामक व्यक्ति कुकड़ो के जंगलों में अपनी लाइसेंसी बंदूक का दुरुपयोग कर 'काकड़' (Barking Deer) का शिकार कर रहा है। बिना समय गंवाए, एसीएफ आदित्य शर्मा और रेंज अधिकारी सुरेंद्र शर्मा की अगुवाई में एक बड़ी टीम ने आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी।

तलाशी के दौरान आरोपी ने चालाकी दिखाते हुए मांस को घास-फूस के नीचे छिपा रखा था, लेकिन विभाग की सतर्क नजरों से वह बच नहीं सका। मौके से बरामदगी ने विभाग के भी होश उड़ा दिए:

12 किलोग्राम ताजा काकड़ का मांस।

मांस बेचने के लिए इस्तेमाल होने वाला डिजिटल तराजू।

खेतीबाड़ी के नाम पर ली गई लाइसेंसी बंदूक और अन्य धारदार हथियार।

लाइसेंसी बंदूक का 'खूनी' इस्तेमाल

शुरुआती तफ्तीश में यह सामने आया है कि आरोपी ने पिछली शाम को ही जंगल में इस मासूम जीव को अपना निशाना बनाया था। हैरानी की बात यह है कि जिस बंदूक का इस्तेमाल फसल सुरक्षा के लिए होना चाहिए था, उसे बेजुबान जानवरों के शिकार में झोंक दिया गया।

डीएफओ वेद प्रकाश शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ पुलिस में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दिया गया है। विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि क्या इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं।

वन विभाग की रेड टीम में ये रहे शामिल

इस सफल ऑपरेशन में बीओ इंदर ठाकुर, मुदस्सिर, सुरजीत सिंह, अनिल कुमार, कैलाश, दर्शन चंद, पवन सिंह, संदीप शर्मा, रत्न शर्मा, रणबीर सिंह, मनीषा और जसप्रीत कौर जैसे समर्पित अधिकारियों ने मुख्य भूमिका निभाई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News