खेतों में घास काटने गई महिला पर रंगड़ों ने किया हमला, मौत

Sunday, Aug 04, 2019 - 02:22 PM (IST)

मंडी (नीरज): मंडी जिला के सरकाघाट के बाहरू गांव में खेतों में घास काटने गई एक महिला (33) पर रंगड़ों ने हमला कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार ममता पत्नी प्रदीप कुमार अपने ससुर के साथ खेतों में घास काटने गई थी। जब वह घास काट रही थी तो उसकी नज़र पेड़ पर पके रसीले आमों पर पड़ी। ग्रामीणों के अनुसार पहले ससुर ने डंडे से आम उतारने का प्रयास किया लेकिन वे सफल नहीं हो सके। उसके बाद ममता आम के पेड़ पर चढ़ गई और पेड़ की टहनियों को हिलाकर आम गिराने लगी। उसी समय आम के पेड़ पर रंगड़ों की हांडी टूट कर नीचे गिर गई। 

रंगड़ों ने सैकड़ों की संख्या में आकर ममता पर हमला कर दिया और सारे शरीर को जगह-जगह से काट डाला। जैसे-तैसे वह पेड़ पर से उतरी और उसका ससुर उसे घर ले आया। बाद में उसे आयुर्वेदिक चिकित्सा केंद्र सधोत ले गए जहां डॉक्टर ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद नागरिक अस्पताल सरकाघाट भेज दिया। नागरिक अस्पताल के डॉक्टरों ने भी उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज नेरचौक रैफर कर दिया।

नेरचौक में एक रात तक उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। उसकी गम्भीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज नेरचौक से सुबह उसे पीजीआई के लिए रैफर कर दिया गया लेकिन बिलासपुर में उसकी हालत बहुत ही गम्भीर हो गई। परिवार वाले उसे जोनल अस्पताल बिलासपुर ले गए जहां ममता ने अंतिम सांस ली। बिलासपुर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लेने के बाद उसका पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया। ममता देवी अपने पीछे एक 9 वर्षीय बेटा छोड़ गई है।
 

Ekta