IGMC में पांचवीं मंजिल पर शव मिलने से मची सनसनी, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

Sunday, Dec 02, 2018 - 12:17 PM (IST)

शिमला (जस्टा): आई.जी.एम.सी. में पांचवीं मंजिल में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। पुलिस को आई.जी.एम.सी. के पांचवीं मंजिल यानी यूरोलॉजी ओ.पी.डी. के बाहर से शव बरामद हुआ है। व्यक्ति की हत्या हुई है या फिर बीमारी के चलते मौत हुई है पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने मौके पर पाया कि व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने उसी समय शव को कब्जे में लिया। पुलिस को मौके पर से व्यक्ति के मौत के कारण के कोई पुख्ता सबूत हाथ नहीं लगे हैं। यहां तक व्यक्ति की शिनाख्त भी नहीं हो पाई है। मृत व्यक्ति की उम्र 47 से 48 साल के बीच लग रही है। पुलिस को व्यक्ति के पास से एक पर्ची बरामद हुई है। जिसमें व्यक्ति का नाम मुक्ति राम पुत्र मित्र लाल अंकित है। इस पर्ची में व्यक्ति का कोई स्थाई पता नहीं दिया गया है, ऐसे में अब पुलिस को भी शव की शिनाख्त करना मुश्किल हो गया है।

डैड हाऊस IGMC में रखा शिनाख्त के लिए शव

बताया जा रहा है कि इस व्यक्ति का काफी समय पहले से यूरोलॉजी में उपचार चल रहा है। यह किस बीमारी से पीड़ित था। इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस को पता चला है कि यह मृत व्यक्ति आई.जी.एम.सी. में ही सोता था और खाना उसे वहां कर्मचारी देते थे या कभी लंगर में खाता था। बताया जा रहा है कि यह यूरोलॉजी के ही बाहर सोता था। जहां पर यह मृत अवस्था में मिला है। पुलिस ने शव का आई.जी.एम.सी. में पोस्टमार्टम करवा लिया है। पुलिस ने शव का फिलहाल दाह संस्कार नहीं किया है। पुलिस ने लक्कड़ बाजार चौकी के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की मामले को लेकर कार्रवाई जारी है। पुलिस फिलहाल यह सबूत जुटा रही है कि व्यक्ति की मौत कैसे हुई है। पुलिस की प्राथमिक जांच में तो व्यक्ति की सामान्य मौत सामने आ रही है। पुलिस को जब शव बरामद हुआ तो शरीर में कोई दाग नहीं था और न ही पुलिस को मौके पर से कोई ऐसा सबूत मिला है जिससे उसकी मौत के कारणों का पता चल पाता। मामले को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है। 

मृत व्यक्ति के पास से बैग और कपड़े बरामद 

पुलिस ने जब छानबीन की तो मृतक के पास से एक बैग और कुछ पहने के कपड़े बरामद हुए हैं। बताया जा रहा है कि मृत व्यक्ति कपड़े और बैग साथ ही रखता था। इसके अलावा पुलिस को ऐसी कोई चीज बरामद नहीं हुई है जिससे कि शव की शिनाख्त हो पाती। मृत की लंबाई 5 फुट 5 इंच है, वहीं उसने ग्रे कलर का जैकेट पहना हुआ था। 

Ekta