हिमाचल में सबसे ऊंचे आईस हॉकी स्केटिंग रिंक का कृषि मंत्री ने किया उद्घाटन (Watch Pics)

Friday, Dec 20, 2019 - 07:12 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश के जिला लाहौल-स्पीति के काजा में प्रशासन ने समुद्र तल से 3720 मीटर की ऊंचाई पर 50 और 35 मीटर का आईस हॉकी स्केटिंग रिंक तैयार किया है। यह हिमाचल का सबसे ऊंचा आईस हॉकी स्केटिंग रिंक माना जा रहा है। बता दें कि पंजाब केसरी इस आयाेजन का मीडिया पार्टनर है।

काजा में हुई भारी बफबारी के बाद प्रशासन ने आइस स्केटिंग रिंक तैयार कर स्कूली बच्चों को आईस हॉकी के प्रति उत्साहित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया है। खेल विभाग की ओर से यहां पहली बार 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर लगाया गया। शुक्रवार काे कृषि मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने कैंप का उद्घाटन किया।

कृषि मंत्री डॉ. रामलाल ने कहा कि लाहौल-स्पीति में विंटर स्पोर्ट्स की अपार संभावनाएं हैं। हम यहां पर आने वाले समय में आईस हॉकी व स्कीइंग आदि विंटर स्पोर्ट्स को प्रोत्साहित करेंगे ताकि पयर्टक यहां अधिक से अधिक आ सकें। किब्बर में बर्फानी तेंदुआ को देखने के लिए हर साल लाखों लोग पहुंचते हैं, ऐसे में आईस हॉकी का स्टेडियम यहां पर काफी बड़ा तैयार किया जाएगा। उन्होंने आईस हॉकी के लिए 15 लाख तो स्कीइंग के लिए 15 लाख रुपए की घोषणा की।

20 दिसम्बर से लेकर 30 दिसम्बर तक आईस हॉकी का प्रशिक्षण पहली बार काजा में दिया जाएगा। इसमें जिला के 45 बच्चों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। लद्दाख वुमैन आईस हॉकी फाऊंडेशन की टीम की राष्ट्रीय खिलाड़ी स्टाजिन चोस्टो, रिंचेन डोलमा और टाशी डोलकर शिविर में बच्चों को आईस हॉकी की बारीकियां सिखाएंगे।

इस 10 दिवसीय शिविर के दौरान बच्चों को एडवांस कोचिंग कैंप के लिए लद्दाख भेजा जाएगा। इस दौरान जो भी खर्च आएगा उसका प्रावधान किया जाएगा। डॉ. राम लाल मारकंडा ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए नीतियों का निर्माण कर रही है, ऐसे में सरकार की तरफ खिलाड़ियों को बेहतरीन और अत्याधुनिक सुविधाएं दी जा रही हैं।

Vijay