100 रुपए के लिए DC Office के बाहर हंगामा, महिलाओं ने शहर में दौड़ाया व्यक्ति (Video)

Monday, Jul 15, 2019 - 04:41 PM (IST)

मंडी(नीरज) : एक व्यक्ति को अपने 100 रूपए मांगना महंगा पड़ गया। दो महिलाओं के साथ 100 रूपए को लेकर उलझे व्यक्ति को पहले तो शहर में महिलाओं ने जमकर दौड़ाया और उसके बाद डीसी ऑफिस के गेट पर गिरेबान पकड़कर जमकर हंगामा किया। घटना आज दोपहर की है। एक व्यक्ति को सेरी मंच के पास दो महिलाएं मिल गई। एक महिला से इसे पहले के 100 रूपए लेने को थे। इसी बात को लेकर इनकी कहासुनी शुरू हो गई। महिला ने गोद में बच्चा भी पकड़ रखा था। कहासुनी के दौरान गोद में पकड़े बच्चे को धक्का लग गया। बस फिर क्या था, महिला आग बबूला हो उठी। महिला का गुस्सा देख व्यक्ति ने मौके से भागना बेहतर समझा। जैसे ही यह व्यक्ति मौके से भागा तो दोनों महिलाओं ने इसका पीछा करना शुरू कर दिया। आगे-आगे व्यक्ति भाग रहा था और पीछे-पीछे महिलाएं।

इन महिलाओं ने डीसी ऑफिस के गेट के पास उक्त व्यक्ति को दबोच लिया और गिरेबान पकड़ डाला। गनीमत यह रही कि हाथ सिर्फ गिरेबान तक ही पहुंचे, मारपीट नहीं हुई। इतने में डीसी ऑफिस के गेट के पास लोगों का जमघट लग गया। महिला ने काफी देर तक व्यक्ति का गिरेबान पकड़े रखा और 100 रूपए के पीछे बच्चे को धक्का देने की बात कहती रही। इतने में यहां एक पुलिस कर्मी आ गया और वह हंगामा करने वाले दोनों पक्षों को सीटी चौकी ले गया। यहां पर 100 रूपए देने के साथ ही मामला शांत करवाया गया। हालांकि इस संदर्भ में कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है। मिली जानकारी के अनुसार यह लोग मंडी शहर के आसपास के ही रहने वाले हैं और आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।

kirti