अब बिना रूट परमिट के नहीं चलेंगी HRTC की बसें

Friday, Jan 04, 2019 - 03:12 PM (IST)

शिमला (राजेश): अब प्रदेश में एच.आर.टी.सी. की बसें बिना परमिट के सड़कों पर नहीं दौड़ेंगी। एच.आर.टी.सी. प्रबंधन को प्रदेश में रूट चलाने के लिए ट्रांसपोर्ट विभाग से रूट परमिट लेना होगा। इसके बाद ही एच.आर.टी.सी. की बसें नए रूट पर चल सकेंगी। यह निर्णय वीरवार को ट्रांसपोर्ट कार्यालय में आयोजित हुई आर.टी.ए. (रोड ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी) की बैठक में लिया गया। वहीं बैठक में एच.आर.टी.सी. प्रबंधन को नए रूट चलाने के लिए राहत भी प्रदान की गई। इसमें निर्णय लिया गया कि एच.आर.टी.सी. प्रबंधन को सिंगल फाइल पर रूट परमिट जारी किया जाएगा। 

इसके लिए प्रबंधन को आर.टी.ए. की बैठक का भी इंतजार नहीं करना होगा। यदि एच.आर.टी.सी. द्वारा किसी भी गांव, क्षेत्र या शहर के लिए बस चलाई जा रही है तो प्रबंधन एक सिंगल फाइल में रूट परमिट जारी करेगा। वहीं बैठक में निर्णय लिया गया कि रूट परमिट व अन्य कार्यों को लेकर 3 या 4 माह बाद आर.टी.ए. की बैठक नहीं होगी। हर माह आर.टी.ए. की बैठक की जाएगी, ताकि रूट परमिट व अन्य संबंधित कार्यों पर चर्चा कर निर्णय लिए जा सकें। इसके अतिरिक्त बैठक में अन्य रूट परमिट संबंधित मामलों पर चर्चा की गई और रूटों को नियमित किया गया। इसके अतिरिक्त स्टेज कैरियर बसों तथा इससे जुड़े आवेदन व अन्य मामलों पर चर्चा हुई।

जानकारी के अनुसार बैठक में एच.आर.टी.सी. की नीली बसों को चलाने पर रूट फाइनल किए गए। ये बसें भी जल्द ही सड़क पर दौड़ेंगी। प्रदेश में जे.एन.एन.यू.आर.एम. के तहत राज्य को बसें मिली हैं और ये रूट परमिट न होने कारण खड़ी हैं। हालांकि इनमें से आधी बसों को एच.आर.टी.सी. पहले चला भी चुका है। बैठक एच.आर.टी.सी. निदेशक जे.एम. पठानिया की अध्यक्षता में हुई। बैठक में परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों को नए दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।

Ekta