हिमाचल से अयोध्या के लिए 6 रूटों पर बसें चलाएगा HRTC

Thursday, Jan 18, 2024 - 08:36 PM (IST)

शिमला (राजेश): श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या के लिए हिमाचल से भी एचआरटीसी बसें चलेंगी। निगम ने अयोध्या के लिए 6 रूटों पर बसें चलाने का निर्णय लिया है। वहीं वीरवार को हुई हिमाचल पथ परिवहन निगम की निदेशक मंडल की बैठक में इसे मंजूरी भी मिल गई है। यह पहली बार होगा कि हिमाचल की बसें हजारों किलोमीटर का सफर कर अयोध्या पहुंचेंगी। वहीं बैठक में अन्य अहम निर्णय भी लिए गए। बैठक में निर्णय लिया गया कि एचआरटीसी 327 नई इलैक्ट्रिक बसों की खरीद करेगा। इनमें 297 छोटी बसें होंगी जिनमें सामान रखने की भी व्यवस्था होगी। इसके अलावा वोल्वों बसें भी होंगी। इसके अलावा राइड विद प्राइड टैक्सी सेवा के तहत निगम 50 टैंपो ट्रैवलर भी खरीदेगा। यह जानकारी उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रैस वार्ता के दौरान दी। 

प्रथम दर्शन योजना के तहत 175 रूटों पर बसें चलाने की योजना
मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि कि प्रथम दर्शन योजना के तहत 175 रूटों पर बसें चलाने की योजना है। खाटू श्याम, चिंतपूर्णी, ज्वालामुखी सहित कुछ धार्मिक स्थलों को बस सेवा शुरू की जा चुकी है। इन बसों की निगम ब्रांडिंग करेगा। अयोध्या के लिए निगम 6 रूटों पर बस सेवा शुरू करेगा। इसके लिए परमिट लेने की प्रक्रिया वहां की सरकार के साथ शुरू कर दी है। निगम ने शिमला से अपने अधिकारियों की एक टीम अयोध्या भी भेजी है। वह यह देखेगी कि वहां पर बसें कहां पर पार्क होंगी। बुकिंग की प्रक्रिया कैसे हो सकती है। स्टेशन सहित अन्य सभी चीजों का आकलन यह टीम करेगी व अपनी रिपोर्ट प्रबंधन को देगी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि निगम धार्मिक स्थलों के लिए जाने वाली बसों की ब्रांडिंग करेगा। प्रैस वार्ता से पहले उपमुख्यमंत्री ने प्रथम दर्शन सेवा की इन्फॉर्मेशन बुकलैट का विमोचन भी किया और निगम को प्रथम दर्शन सेवा के तहत चलाई जा रही बसों की पुन: ब्रांडिंग करने के निर्देश दिए।

बैठक में ये भी लिए निर्णय

  • बसों में कैशलैस सफर शुरू करने के लिए एचआरटीसी बनाएगा नैशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड। रेल व मैट्रो में भी चलेगा।  
  • बिजली बोर्ड को 11 स्थानों पर इलैक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए 11 करोड़ 43 लाख रुपए जारी।
  • 10 माह से 276 पदों पर रुकी चालकों की भर्ती जल्द होगी शुरू, 76 करुणामूलक को मिलेगी नौकरी व अनुबंध पर लाए जाएंगे 125 पीसमील वर्कर्ज।
  • एचआरटीसी आगामी 4 वर्षों में 1932 इलैक्ट्रिक बसों की खरीद करेगा। वर्ष 2024-25 में टाइप-1 की 297 और टाइप-3 की 30 बसों की खरीद प्रस्तावित। 
  • निगम अपनी बसों की पासिंग के लिए स्वचलित परीक्षण केंद्र स्वयं बनाएगा। 
  • छात्रों के पास ऑनलाइन बनाने को लेकर मंजूरी।
  • निगम की बसों को स्क्रैप करने के लिए प्लांट स्थापित हाेगा, जिसके लिए कमेटी भी गठित की गई।

बाहरी राज्यों के 200 रूटों को बंद करने की तैयारी
एचआरटीसी घाटे वाले 200 रूटों पर बस सेवा को बंद करने की तैयारी में है। इनमें ज्यादातर रूट बाहरी राज्यों को चलते हैं। कुछ रूट तो ऐसे हैं जो डीजल का खर्च भी पूरा नहीं कर रहे, कुछ से 10 रुपए तक की भी आय नहीं हो रही है। निगम के प्रबंध निदेशक रोहन चंद ठाकुर ने वीरवार को बीओडी की बैठक में इसकी प्रैजैंटेशन दी। निगम प्रबंधन इन रूटों पर बसों का संचालन बंद कर सकता है।

शिमला शहर में चलाई जा रही स्कूली बसों से सालाना 14 करोड़ का घाटा
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि निगम सामाजिक दायित्व का निर्वहन कर रहा है। शिमला शहर में ही निजी स्कूलों के छात्रों के लिए रियायती पास पर चलाई जा रही बसों से सालाना 14 करोड़ का घाटा हो रहा है। बावजूद इसके निगम ये बसें चला रहा है।

प्रबंध निदेशक की योजनाएं लाईं रंग, 2 माह में 7.50 करोड़ बढ़ी आय
निगम को घाटे से उबारने के लिए एचआरटीसी प्रबंध निदेशक ने कई नई योजनाओं पर काम किया है। इसके सार्थक परिणाम देखने को मिले हैं। बीते अक्तूबर व नवम्बर महीने में निगम की आय में 7.50 करोड़ की बढ़ौतरी हुई है। इसके अतिरिक्त निगम की लगेज पॉलिसी और नई ढाबा पॉलिसी भी रंग लाई है। लगेज पॉलिसी से करीब 30 लाख और नई ढाबा पॉलिसी से 5 लाख रुपए की कमाई निगम ने की है। वहीं निगम की प्रति किलोमीटर आय में बढ़ौतरी हुई जिसमें 4.72 पैसे प्रति किलोमीटर आय बढ़ी है।

डैड माइलेज के कम किए 1 लाख 33 हजार 709 किलोमीटर
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि निगम की आय की बढ़ौतरी के साथ निगम ने डैड माइलेज को भी कम किया है। निगम ने करीब 1 लाख 33 हजार 709 किलोमीटर को कम किया गया है, जोकि बहुत बहुत बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा कि निगम खर्चों को कम कर रहा है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 

Content Writer

Vijay