चम्बा से मनाली जा रही HRTC बस पलटी, 20 यात्री घायल

Tuesday, Mar 05, 2019 - 08:58 PM (IST)

मंडी/कुल्लू: चम्बा से मनाली आ ही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस मंगलवार तड़के करीब साढ़े 3 बजे झीड़ी में पलट गई। पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण यह हादसा पेश आया। इस घटना के दौरान बस में 20 यात्री सवार थे। घटना के बाद एंबुलैंस के जरिये घायलों को नगवाईं और क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लाया गया। अधिकतर को हल्की चोटों के चलते प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घर भेज दिया। अन्यों को भी मंगलवार शाम तक अस्पताल से छुट्टी हो गई है। पुलिस ने घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार चम्बा से आ रही निगम की बस जब झीड़ी पहुंची तो पहाड़ी से अचानक पत्थर लुढ़का। इस वजह से चालक ने बस को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इस दौरान बस नदी की ओर मुड़कर नीचे भी गिर सकती थी, सौभाग्य से बस सड़क पर ही पलट गई।

इस घटना के दौरान सफर कर रहे अधिकतर यात्री बस में सो रहे थे, जिसके चलते वे चोटिल हुए। कुल्लू के जिला बस अड्डा प्रभारी सुरेश कुमार ने कहा कि तड़के करीब साढ़े 3 बजे यह घटना पेश आई। उन्होंने कहा कि इस घटना में 20 यात्री घायल हुए थे। बस के चालक और परिचालक को भी घटना में चोटें आई हैं।

Vijay