Himachal: पंजाब के 20 रूटों पर एचआरटीसी की बस सेवाएं बहाल, यात्रियों को मिलेगी सुविधा
punjabkesari.in Thursday, Apr 17, 2025 - 07:40 PM (IST)

शिमला (राजेश): पंजाब में एचआरटीसी के बंद 20 रूटों पर निगम प्रबंधन ने बस सेवाएं बहाल कर दी हैं। ऐसे में यात्रियों को पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में पहले की तरह बस सेवाएं मिलेंगी। निगम प्रबंधन ने करीब 28 दिनों के बाद पंजाब सरकार व पुलिस प्रशासन के पंजाब में निगम की बसों की सुरक्षा के आश्वासन देने के बाद बस सेवाओं को बहाल किया है।
20 रूटों में से 10 रूट अमृतसर के
बीते माह पंजाब में एचआरटीसी की बसों में विवादित पोस्टर और नारे लिखने सहित अन्य मामलों के बाद यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए पंजाब के 20 रूटों पर बस सेवाओं को बंद कर दिया था। ऐसे में निगम प्रबंधन लगातार पंजाब सरकार व पुलिस प्रशासन से पत्राचार कर रहा था। वहीं इस मामले में कुछ दोषियों को भी पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया था। ऐसे में निगम ने ये बस सेवाएं बहाल की हैं। निगम द्वारा बंद किए गए 20 रूटों में से 10 रूट अमृतसर के हैं। वहीं 4 रूट होशियारपुर, 2 जालंधर और 4 रूट लुधियाना के थे। 20 रूटों पर बस सेवाएं बंद होने से हिमाचल से लोगों को पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों के लिए सीधी बस सेवा का लाभ नहीं मिल पा रहा था। यात्रियों को 2 से 3 जगह बसें बदल कर पंजाब के विभिन्न जिलों में पहुंचना पड़ रहा था लेकिन बस सेवाएं बहाल होने से अब परेशानी नहीं होगी।
27 दिनों में निगम को हुआ 35 लाख का नुक्सान
पंजाब के 20 रूटों पर बस सेवाएं बंद करने से निगम के राजस्व को भी नुक्सान पहुंचा है, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा पहले है। निगम प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार बस सेवाओं के बंद होने से निगम को करीब 35 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। वहीं इससे यात्रियों को भी असुविधा हुई है लेकिन पंजाब में यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यह जरूरी था।
फिर हुईं इस तरह की हरकतें तो कड़े फैसले ले सकता है प्रबंधन
निगम प्रबंधन ने साफ किया है कि चंडीगढ़ व पंजाब में यदि फिर से इस तरह की हरकतें और बसों को नुक्सान व बसों में पोस्टर लगाने जैसे मामले सामने आते हैं और इसके अतिरिक्त पंजाब व चंडीगढ़ में निगम के बस चालकों, परिचालकों व यात्रियों को परेशान किया जाता है तो निगम पंजाब में बसें चलाने को लेकर कड़े कदम उठा सकता है। वहीं बसें बंद भी कर सकता है।
पंजाब के बंद रूटों पर बस सेवाएं की बहाल
एचआरटीसी के एमडी निपुण जिंदल ने बताया कि बीते माह में पंजाब में निगम की बसों के साथ हुई छेड़खानी और अन्य मामलों के बाद पंजाब के 20 रूटों पर बस सेवाएं बंद कर दी गई थीं, लेकिन पंजाब सरकार व पुलिस प्रशासन के सुरक्षा के आश्वासनों के बाद बस सेवाओं को फिर से बहाल कर दिया है। सभी बंद रूटों पर बसें भेजी जा रही हैं। इससे लोगों को फिर से बस सुविधा मिलेगी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here