HPU में जल्द दूर होगी गैर शिक्षक कर्मचारियों की कमी, 150 पदों को भरने की तैयारी

Tuesday, Jan 29, 2019 - 12:07 PM (IST)

शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एच.पी.यू.) में गैर शिक्षक कर्मचारियों की कमी जल्द दूर होगी। इसको लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। वित्त समिति व कार्यकारी परिषद (ई.सी.) से गैर शिक्षक कर्मचारियों के पदों को भरने की मंजूरी मिलने के बाद अब इन पदों को जल्द विज्ञापित किया जाएगा। अगले महीने तक कर्मचारियों के अलग-अलग श्रेणी के पदों को विज्ञापित किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस वर्ष कर्मचारियों के अधिकतर रिक्त पदों को भरने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी के तहत रिक्त पड़े कर्मचारियों के करीब 150 पदों को भरने की तैयारी है। 

आगामी दिनों में तमाम औपचारिकताएं पूरी करने के बाद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय प्रशासन पदों को विज्ञापित कर देगा। बीते वर्ष 2018 में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की वित्त समिति व कार्यकारी परिषद (ई.सी.) की बैठक में गैर शिक्षक कर्मचारियों के कई रिक्त पदों को भरने को हरी झंडी प्रदान की गई थी। इसके अलावा हाल ही में हुई वित्त समिति व ई.सी. की बैठक में भी गैर शिक्षक कर्मचारियों के रिक्त पदों को भरने के लिए मंजूरी दी गई है। सूत्रों के अनुसार हाल ही में विश्वविद्यालय में करीब 85 कर्मचारियों के पदों को भरने को हरी झंडी दी गई है। यानी कि पूर्व में मिली मंजूरी और अब मिली स्वीकृति के तहत करीब 150 रिक्त पदों को भरने के लिए मंजूरी प्रदान की गई है। अब इन्हें भरने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। 

पदोन्नति के माध्यम से भरे पद नाकाफी

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में पदोन्नति के माध्यम से कुछ पदों को भरा गया है लेकिन यह नाकाफी हैं। हाल ही में हुई बैठकों मेें कर्मचारियों की पदोन्नतियों पर मोहर लगाई गई, जिससे कुछ रिक्त पदों को भरा गया है लेकिन संख्या नाममात्र है।

Ekta