HPCA को कल मिल सकता है नया ‘Captain’

Thursday, Jan 19, 2017 - 07:02 PM (IST)

धर्मशाला (विपिन): हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन को शुक्रवार को नया कैप्टन मिल सकता है। इसके लिए एच.पी.सी.ए. के 60 के करीब पदाधिकारियों की बैठक होटल दी पैवेलियन में होगी। सायं साढ़े 5 बजे होने वाली इस बैठक में जहां लोढा कमेटी की सिफारिशों पर विचार-विमर्श किया जाएगा, वहीं एच.पी.सी.ए. की बागडोर किसे सौंपी जाए, इस पर भी सहमति जताई जाएगी। जानकारी के अनुसार एच.पी.सी.ए. के सदस्य आम सहमति के साथ अपना अध्यक्ष बनाने की कोशिश कर रहे हैं। यदि अध्यक्ष पद पर सहमति नहीं बन पाई तो सदस्यों को वोटिंग का सहारा लेना पड़ेगा। 

लोढा कमेटी की सिफारिशों से हटाए गए अनुराग ठाकुर 
बता दें कि एच.पी.सी.ए. के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर को लोढा कमेटी की सिफारिशों के तहत हटाया गया है। अब उक्त स्थान पर नए अध्यक्ष को तलाशा जा रहा है। इसी संदर्भ में एच.पी.सी.ए. की ए.जी.एम. शुक्रवार को बुलाई गई है। इस ए.जी.एम. में एच.पी.सी.ए. के नए अध्यक्ष को चुना जाएगा। वहीं दूसरी ओर एच.पी.सी.ए. के सदस्यों की मानें तो किसी भी सदस्य को यह पता नहीं है कि एच.पी.सी.ए. के अध्यक्ष पद की कमान किसे सौंपने की तैयारी की जा रही है। सदस्यों के अनुसार इसका फैसला शुक्रवार को ही होगा। 

क्या कहते हैं एच.पी.सी.ए. के प्रवक्ता 
एच.पी.सी.ए. के प्रवक्ता संजय शर्मा ने बताया कि एच.पी.सी.ए. की ए.जी.एम. शुक्रवार को साढ़े 5 बजे होटल दी पैवेलियन में होगी। इस दौरान एसोसिएशन के 60 सदस्य भाग लेंगे। हमारी कोशिश रहेगी कि सर्वसम्मति से अध्यक्ष का चुनाव किया जाए। अगर ऐसा संभव नहीं हुआ तो वोटिंग का सहारा लेना पड़ेगा।