भगवान इंद्रुनाग के दरबार पहुंचे HPCA पदाधिकारी, IPL और वनडे मैचों के सफल आयोजन की मांगी दुआ

punjabkesari.in Sunday, Apr 26, 2026 - 07:31 PM (IST)

धर्मशाला (सुनील): अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम मई में होने वाले तीन आईपीएल मैचों सहित जून में एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच की सफलता के लिए एचपीसीए रविवार को भगवान इंद्रुनाग देवता के दरबार पहुंची। एचपीसीए पदाधिकारियों ने इंद्रुनाग देवता के मंदिर में पूजा अर्चना व हवन करके भगवान इंद्रुनाग देवता का आशीर्वाद प्राप्त किया और मैचों की सफलता की कामना की। आईपीएल मैचों को लेकर एचपीसीए ने तैयारियां शुरू कर दी हैं, जिसके तहत जिला व पुलिस प्रशासन के साथ बैठकों का दौर शुरू हो चुका है। 

एचपीसीए सचिव मनुज शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि एचपीसीए पदाधिकारी आईपीएल सहित जून में होने वाले एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैच की सफलता के लिए भगवान इंद्रुनाग देवता के दरबार पहुंची है। मैच की तैयारियों का दौर शुरू हो चुका है, जिन्हें समय रहते पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मैचों से धर्मशाला के पर्यटन को बढ़ावा मिलता है। दर्शकों की सुविधा का पूरा ख्याल रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि 11, 14 व 17 मई को आईपीएल मैचों के उपरांत धर्मशाला स्टेडियम में 14 जून को भारत और अफगानिस्तान के मध्य एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैच भी खेला जाएगा। इस अवसर पर एचपीसीए के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान भंडारे का आयोजन किया गया।

भगवान इंद्रुनाग देवता मंदिर के पुजारी विपन ने बताया कि मंदिर में लोग अपनी नई फसल चढ़ाने, शादी समारोह व अन्य आयोजनों से पहले इंद्रुनाग देवता का आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं। भगवान इंद्रुनाग को बारिश का देवता कहा जाता है, ऐसे में मैचों के दौरान बारिश का खलल न पड़े, इसके लिए एचपीसीए लंबे समय से इंद्रुनाग देवता के मंदिर में आती है, जिसका क्रम आज भी जारी है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News