HPBOSE: शिक्षा बोर्ड अगले सत्र से बदल जाएगा 9वीं-10वीं का Syllabus

punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 01:03 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) ने राज्य के शिक्षा ढांचे में एक बड़ा सुधार करने का निर्णय लिया है। शैक्षणिक सत्र 2027-28 से कक्षा 9वीं और 10वीं के पूरे पाठ्यक्रम (सिलेबस) को पूरी तरह बदल दिया जाएगा। अब इन कक्षाओं में NCERT पर आधारित नया सिलेबस लागू होगा, जिसके लिए नई किताबें भी तैयार की जाएंगी। बोर्ड का मुख्य उद्देश्य रटने की पुरानी परंपरा को खत्म करके शिक्षा को कौशल विकास (Skill-based) और व्यावहारिक ज्ञान पर केंद्रित बनाना है।

इस बदलाव का सबसे बड़ा फायदा उन छात्रों को होगा जो भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहते हैं। बोर्ड के सचिव, डॉ. मेजर विशाल शर्मा के अनुसार, वर्तमान में राज्य और राष्ट्रीय स्तर के पाठ्यक्रम में अंतर होने के कारण छात्रों को उच्च शिक्षा में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब पूरे देश में एक समान शैक्षणिक ढांचा मिलने से हिमाचल के छात्र भी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।

गौरतलब है कि बोर्ड पहले ही चौथी से आठवीं कक्षा तक का सिलेबस बदल चुका है। अब माध्यमिक कक्षाओं में भी बदलाव की तैयारी है ताकि छात्रों पर पढ़ाई का बोझ कम हो और उनकी बुनियादी समझ मजबूत हो सके। इस नई योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए शिक्षा विशेषज्ञ विस्तृत रूपरेखा तैयार कर रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News