HP Election Result : कांग्रेस के 7 और भाजपा के 5 विधायकों ने लगाई जीत की हैट्रिक

punjabkesari.in Thursday, Dec 08, 2022 - 07:46 PM (IST)

सोलन (नरेश पाल): प्रदेश में 12 विधायक जीत की हैट्रिक लगाने में कामयाब रहे हैं। विधानसभा चुनाव के वीरवार को निकले चुनावी नतीजों में लगातार 2 चुनाव जीते 12 विधायक चुनाव जीतने में कामयाब हुए जबकि भटियात से विक्रम जरियाल लगातार 2 चुनाव जीतने के बाद तीसरा चुनाव हार गए। हैट्रिक लगाने वाले नेताओं में सबसे अधिक कांग्रेस के 7 और भाजपा के 5 विधायक हैं। कांग्रेस की ओर से हैट्रिक लगाने वाले नेताओं में सुजानपुर से राजेन्द्र राणा, बड़सर से इंद्रदत्त लखनपाल, सोलन से कर्नल धनीराम शांडिल, रेणुका से विनय कुमार, कसुम्पटी से अनिरुद्ध सिंह, रोहड़ू से मोहन लाल ब्राक्टा व किन्नौर से जगत सिंह नेगी प्रमुख हैं। भाजपा की ओर से चुराह से हंसराज, कांगड़ा से पवन काजल, नाचन से विनोद कुमार, चौपाल से बलवीर वर्मा व जसवां परागपुर से बिक्रम सिंह ठाकुर प्रमुख हैं। हालांकि बिक्रम सिंह ठाकुर अपना चौथा विधानसभा चुनाव जीते हैं लेकिन वर्ष 2012 व वर्ष 2017 में चुनाव जीतने के बाद उन्होंने यह तीसरा चुनाव जीता है। 
PunjabKesari

पवन काजल ने लगातार अलग-अलग तीन चिन्हों पर जीते चुनाव 
कांगड़ा निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी पवन काजल अपने तीनों चुनाव अलग चिन्हों पर जीते हैं। वर्ष 2012 में उन्होंने निर्दलीय चुनाव जीता था। वर्ष 2017 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा और दूसरी जीत दर्ज की। इस बार वह भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने और अपनी जीत की हैट्रिक लगाने में कामयाब रहे। प्रदेश में अभी तक अलग-अलग चुनाव चिन्हों पर लगातार पांच बार जीत दर्ज करने का रिकॉर्ड धर्मपुर के पूर्व मंत्री महेन्द्र सिंह ठाकुर व अर्की के पांच बार विधायक रहे स्व. हीरा सिंह पाल के नाम दर्ज है।

ससुर से फिर हारा दामाद 
सोलन निर्वाचन क्षेत्र में वर्ष 2017 की तरह इस बार भी मुकाबला ससुर व दामाद के बीच ही था लेकिन ससुर दामाद पर एक बार फिर भारी साबित हुआ। कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने भाजपा प्रत्याशी राजेश कश्यप को 3858 वोटों से हराया जबकि वर्ष 2017 में वह 673 वोटों से चुनाव जीतने में कामयाब हुए थे।  

बैजनाथ के 2 बने विधायक 
वर्ष 1962 में अर्की द्वारा बनाया गया रिकॉर्ड 60 वर्ष बाद भी अपवाद बना हुआ है। वर्ष 1962 में अर्की के चार नेता अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों से विधायक बने थे लेकिन इस बार बैजनाथ के पास भी ऐसा रिकॉर्ड बनाने का मौका था। फिर भी बैजनाथ से सम्बन्ध रखने वाले दो विधायक विधानसभा पहुंच गए हैं। बैजनाथ के अलावा इस क्षेत्र से सम्बन्ध रखने वाले त्रिलोक कपूर भाजपा के टिकट पर पालमपुर निर्वाचन से और सुधीर शर्मा कांग्रेस के टिकट पर धर्मशाला से चुनाव लड़ रहे थे। बैजनाथ से कांग्रेस प्रत्याशी किशोरी लाल व धर्मशाला से सुधीर शर्मा चुनाव जीतने में कामयाब रहे। 

ये हुए इस बार पास 
प्रदेश में कांग्रेस की चली लहर में लम्बे समय से लगातार चुनाव हार रहे चार नेता जीत गए हैं। चारों उम्मीदवार कांग्रेस के ही थे। शाहपुर से केवल सिंह पठानिया लगातार 2 चुनाव हारने के बाद तीसरा चुनाव जीतने में कामयाब हो गए। उनकी इस जीत से पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की वह बात भी साबित हो गई जब उन्होंने दावा किया था कि जिस दिन केवल सिंह पठानिया चुनाव जीतेंगे उस समय प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकता। इसी तरह धर्मपुर से लगातार 3 चुनाव हार चुके चंद्रशेखर इस बार चुनाव जीतने में कामयाब हुए। कसौली निर्वाचन क्षेत्र से लगातार दो चुनाव हारे विनोद सुल्तानपुरी को तीसरे चुनाव में जीत नसीब हुई है। भोरंज से हार की हैट्रिक लगा चुके सुरेश कुमार इस बार चुनाव जीतने में कामयाब रहे। शिमला सदर से हरीश जनारथा भी दो चुनाव हारने के बाद पहली बार विधायक बनने में कामयाब हो गए। 

अनिल शर्मा व नंद लाल ने लगाया जीत का चौका, 3 चूके  
इस बार चुनाव में 5 नेताओं के पास जीत का चौका लगाने का मौका था लेकिन इनमें से 2 ही चुनाव जीतने में कामयाब हुए जबकि तीन को हार का सामना करना पड़ा। मजेदार बात यह है कि हारने वाले तीनों जयराम सरकार में मंत्री रहे हैं। मंडी सदर से भाजपा प्रत्याशी अनिल शर्मा व रामपुर से कांग्रेस प्रत्याशी नंद लाल लगातार चौथी बार चुनाव जीते हैं। वर्ष 2007 से जो जीत का सिलसिला शुरू हुआ था वह अभी भी कायम है जबकि वर्ष 2007 से लगातार चुनाव जीत रहे कसौली से स्वास्थ्य मंत्री डा. राजीव सहजल, शाहपुर से सामाजिक एवं अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी व शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर चुनाव हार गए। 

मुकेश अग्निहोत्री की लगातार पांचवीं जीत 
प्रतिपक्ष के नेता व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकेश अग्निहोत्री लगातार पांच चुनाव जीतने में कामयाब रहे। मुकेश अग्रिहोत्री वर्ष 2003 से हरोली निर्वाचन क्षेत्र से लगातार चुनाव जीत रहे हैं। 

जयराम ठाकुर ने जीत का छक्का लगाकर ईश्वरदास धीमान के रिकॉर्ड की बराबरी की 
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सराज निर्वाचन क्षेत्र से जीत का छक्का लगाया है। उनकी यह लगातार छठी जीत है। वह भाजपा में यह कारनामा करने वाले दूसरे नेता बन गए हैं। उनसे पहले भाजपा के चिन्ह पर लगातार 6 चुनाव जीतने का रिकॉर्ड भोरंज के पूर्व विधायक स्व. ईश्वरदास धीमान का था। वह वर्ष 1990 से 2012 तक लगातार 6 चुनाव जीते थे। हालांकि महेन्द्र सिंह ठाकुर ने लगातार 7 चुनाव जीते थे लेकिन इसमें उन्होंने भाजपा के टिकट पर केवल तीन चुनाव जीते। नाहन से डाॅ. राजीव बिंदल के पास भी जीत का छक्का लगाने का मौका था लेकिन वह इस बार चुनाव हार गए। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News