पार्टी के किसी भी दिशा-निर्देश की अवहेलना नहीं होगी सहन : प्रतिभा सिंह

Friday, May 06, 2022 - 11:55 PM (IST)

शिमला (राक्टा): सांसद प्रतिभा सिंह हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष का कार्यभार संभालने के साथ ही एक्शन में आ गई हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को उन्होंने पार्टी मुख्यालय राजीव भवन शिमला में प्रदेश मामलों के सह-प्रभारी संजय दत्त, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, विधायक डाॅ. कर्नल धनीराम शांडिल, विनय कुमार, रामलाल ठाकुर, आशा कुमारी, रोहित ठाकुर, आशीष बुटेल, पूर्व मंत्री हर्ष महाजन और पूर्व विधायक संजय रत्न, जगजीवन पाल ने भेंट कर आगामी रणनीति पर मंथन किया। इसके साथ ही प्रदेश से विभिन्न क्षेत्रों से आए पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं ने भी राजीव भवन में प्रतिभा सिंह से भेंट की।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि पार्टी के भीतर सभी का सम्मान किया जाएगा। प्रतिभा सिंह ने सभी को एक साथ चलने और अनुशासन का पालन करने को कहा। प्रतिभा सिंह ने कहा कि जल्द ही पार्टी पदाधिकारियों की एक बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें पार्टी की आगे की रणनीति तय होगी। पार्टी के भीतर पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। जिसे जो भी जिम्मेदारी दी गई है उसका अवलोकन किया जाएगा। पार्टी के अंदर कुछ और लोगों को नई जिम्मेदारियां भी दी जाएंगी, जिससे पार्टी के कार्यों में तेजी आए। प्रतिभा सिंह ने कहा कि वह जल्द ही प्रदेश के जिला अध्यक्षों के बाद ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक कर उनके जिलों व ब्लॉकों के दौरे पर जाएंगी और बूथ कार्यकर्ताओं से भी पूरा फीडबैक लेंगी। उन्होंने साफ किया कि पार्टी के किसी भी दिशा-निर्देश की अवहेलना सहन नहीं होगी।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay