शिमला में गर्मी ने तोड़ा 5 वर्षों का रिकॉर्ड, 30.5 डिग्री पहुंचा तापमान

Tuesday, Jun 11, 2019 - 09:03 PM (IST)

शिमला (योगराज): मैदानी क्षेत्रों में जहां गर्मी ने कहर बरपाया हुआ है वहीं पहाड़ों में भी गर्मी से लोग खासे परेशान हैं। मंगलवार को शिमला का अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया जोकि पिछले 5 साल यानी 2014 के बाद सबसे ज्यादा है। 2014 में शिमला में का तापमान 31.4 दर्ज किया गया था। हिमाचल प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से तापमान में लगातार 3 से 5 डिग्री सैल्सियस की बढ़ौतरी दर्ज की जा रही है। हालांकि मंगलवार को दोपहर बाद हुई अचानक बारिश से लोगों ने गर्मी से जरूर कुछ राहत महसूस की है।

5 जिलों में हुई बारिश

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक मंगलवार को शिमला, कुल्लू, सिरमौर, मंडी और किन्नौर सहित कुछ स्थानों पर बारिश हुई है, जिससे लोगों को जहां गर्मी से राहत मिली वंही मक्की की बिजाई करने में भी किसानों को बारिश से लाभ होगा। मौसम विभाग ने बुधवार को भी प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की चेतावनी जारी की है। इसी तरह से 16 और 17 जून को भी प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। गौरतलब है कि 23 जून के बाद हिमाचल प्रदेश में मानसून की दस्तक हो सकती है। बारिश होने के बाद प्रदेश के कुछेक क्षेत्रों में मंगलवार को भी तापमान में गिरावट नहीं आई। ऊना में मंगलवार को भी तापमान 44 डिग्री के पार ही रहा।

किन्नौर और लाहौल-स्पीति में भी बढ़ा तापमान

जिला किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिले में भी इन दिनों तापमान में बढ़ौतरी हो रही है। किन्नौर में 24.7 और लाहौल के केलांग का अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह शिमला 30.5 सुंदरनगर 41.6 भुंतर 33.0  कल्पा 24.7 धर्मशाला 32.6 ऊना 44.8 सोलन 37.5 नाहन 37.0 केलांग 21.6 कांगड़ा 40.0 बिलासपुर 42.0 हमीरपुर 41.8 चंबा 29.4 और डल्हौजी 22.0 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है।

Vijay