हिमाचल में फिर तपने लगे पहाड़, ऊना में पारा 43 डिग्री के पार

Friday, Jun 07, 2019 - 11:09 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश में गर्मी का प्रकोप एक बार फिर बढ़ गया है। आलम यह है कि मैदानी क्षेत्रों में तापमान 43 डिग्री पार कर गया है। मैदानों के साथ-साथ पहाड़ भी खूब तप रहे हैं। धूप खिलने से राजधानी शिमला के तापमान में 3 डिग्री का उछाल आया है। मौसम विभाग ने 11 जून को अंधड़ व तेज बारिश की आशंका जताई है। प्रदेश में शुक्रवार को तीखी धूप खिली रही इस कारण लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा।

बिलासपुर में 37.9 डिग्री पहुंचा अधिकतम तापमान

ऊना में सबसे अधिक  43.4 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 37.9, सुंदरनगर में 37.4, कांगड़ा में 36.5, हमीरपुर में 37.3, चम्बा व भुंतर में 35.2, नाहन में 34.3 और सोलन में 33 डिग्री रहा। वहीं शिमला में तापमान 27 डिग्री पहुंच गया जोकि वीरवार को 24 डिग्री था। शिमला में गर्मी बढऩे कारण दिन के समय राजधानी में लोगों को पंखों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है।

आगामी 24 घंटों में और बढ़ेगा गर्मी का प्रकोप

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान मैदानी इलाकों में गर्मी का प्रकोप और अधिक बढऩे की आशंका जताई है जबकि मध्यवर्ती व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि 11 जून से 13 जून तक समुचे प्रदेश में बारिश होगी। 9 जिलों में हमीरपुर, बिलासपुर, उना, सोलन, शिमला, मंडी, कंागड़ा  सिरमौर और कुल्लू में 11 जून को अंधड़ के साथ भारी बारिश का अनुमान है, जिसे लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

Vijay