बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा मौका! हिमाचल में 700 पदों पर होगी होमगार्ड की भर्ती, इस डेट तक कर सकते हैं अप्लाई
punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 12:28 PM (IST)
हिमाचल डेस्क: हिमाचल प्रदेश में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश गृह रक्षा विभाग (Home Guard Department) में 700 होमगार्ड स्वयंसेवकों की भर्ती होगी। विभाग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
रिक्तियों का विस्तृत विवरण
विभाग ने महिला और पुरुष उम्मीदवारों के साथ-साथ तकनीकी कार्यों के लिए भी पद आरक्षित किए हैं। जारी विवरण के अनुसार, कुल 700 रिक्तियों में 358 पद सामान्य ड्यूटी (पुरुष), 167 पद सामान्य ड्यूटी (महिला), 74 पद बैंडमैन, 76 पद होम गार्ड ड्राइवर तथा 25 पद तकनीकी ट्रेड्समैन के लिए आरक्षित किए गए हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता मान्यता प्राप्त बोर्ड से मैट्रिक (10वीं) और 10+2 निर्धारित की गई है। इस बार की भर्ती में विशेष बात यह है कि केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के तहत चार साल की सेवा पूरी कर चुके अग्निवीर भी आवेदन करने के पात्र होंगे, बशर्ते वे निर्धारित शैक्षणिक योग्यता पूरी करते हों।
31 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन का मौका
इच्छुक अभ्यर्थी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदकों को अपना मैट्रिक प्रमाणपत्र और अन्य शैक्षणिक दस्तावेज ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। आवेदन जमा करने की आखिरी तारीख 31 मार्च तय की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को सीधे ड्यूटी पर तैनात नहीं किया जाएगा। नियमों के अनुसार, सभी रंगरूटों को 45 दिनों का बुनियादी प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करना अनिवार्य होगा। इस ट्रेनिंग के बाद ही उन्हें उनकी संबंधित इकाइयों में तैनाती दी जाएगी।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

