Swine Flu ने शिमला में दी दस्तक, कुल्लू के खालड़ा में दरकी पहाड़ी, पढ़ें खास खबरें

Wednesday, Jan 23, 2019 - 06:04 PM (IST)

शिमला: नए साल के पहले महीने में ही स्वाइन फ्लू ने शिमला में दस्तक दे दी है। कुल्लू जिला की लगघाटी के खलाड़ा नाला में बुधवार सुबह अचानक पहाड़ी दरक गई। पांवटा साहिब के सिविल अस्पताल में एक बार फिर स्वास्थ्य सुविधाओं की पोल खुलती नजर आई है। सिरमौर में बर्फबारी लोगों के लिए आफत बनी हुई है। हिमाचल के कांगड़ा जिला में बुधवार को एक निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 6 लोग घायल हो गए। प्रियंका गांधी की राजनीति में एंट्री से कांग्रेसी गदगद हो गए हैं। शिमला के मालरोड पर स्थित एक शोरूम में एक दंपति महंगी जैकेट पर हाथ साफ कर फरार हो गया। इन्हीं सब मुद्दों को लेकर हिमाचल में आज घटित 10 बड़ी खबरों से हम आपको अवगत कराते हैं-

स्वाइन फ्लू ने शिमला में दी दस्तक, IGMC में 2 मामले आए सामने
नए साल के पहले महीने में ही स्वाइन फ्लू ने शिमला में दस्तक दे दी है। शहर के सबसे बड़े अस्पताल आई.जी.एम.सी. में स्वाइन फ्लू के 2 ताजा मामले आए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। पहला मामला शिमला और दूसरा मामला मंडी जिला से आया है, जिनका टैमीफ्लू दवाई देकर उपचार चल रहा है। अस्पताल प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मरीजों के तीमारदारों को भी टैमीफ्लू की दवा दी है ताकि उन्हें भी किसी तरह के लक्षण न हो।

कुल्लू के खालड़ा में दरकी पहाड़ी: चपेट में आई गाड़ियां, राहत कार्य जारी
कुल्लू जिला की लगघाटी के खलाड़ा नाला में बुधवार सुबह अचानक पहाड़ी दरक गई। पहाड़ी के दरकने से नीचे सड़क किनारे खड़ी टाटा सूमो उसकी चपेट में आ गई। जानकारी के अनुसार जहां पर यह पहाड़ी दरकी उसके ठीक सामने मंदिर में एक शादी समारोह चल रहा था। लोग वाहनों में सवार होकर इस शादी में शामिल होने के लिए आ रहे थे।

पांवटा में स्वास्थ्य सुविधाओं की खुली पोल, मोबाइल टॉर्च के सहारे हो रहा इलाज
पांवटा साहिब के सिविल अस्पताल में एक बार फिर स्वास्थ्य सुविधाओं की पोल खुलती नजर आई है। मंगलवार को एक कार हादसे में घायल हुए लोगों को जब इमरजेंसी में इलाज के लिए अस्पताल लाया गया तो वहां बिजली नहीं थी। जरनेटर स्टार्ट न होने के चलते डॉक्टरों ने मोबाइल टॉर्च के सहारे उक्त कर्मी का इलाज शुरू कर दिया। चोट लगने की वजह से वह तड़पते रहे। घायलों में से एक को काफी गंभीर चोटें आई थी।

यहां के लोगों के लिए आफत बनकर बरसी बर्फबारी, मुश्किल हुआ जीना
सिरमौर में बर्फबारी लोगों के लिए आफत बनी हुई है। जिला के ऊपरी इलाकों में यातायात व्यवस्था जहां पूरी तरह से ठप है। वहीं बिजली आपूर्ति भी पिछले 2 दिनों से बंद है और जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त है। भारी बर्फबारी के बीच लोग सफर करने को मजबूर हैं। इस पैदल सफर में उनकी जान जाने का भी डर है। क्योंकि रास्तों पर बर्फ में पैर फिसल रहा है।

कांगड़ा में सड़क पर पलटी निजी बस, 6 घायल, 2 छात्राएं गंभीर
हिमाचल के कांगड़ा जिला में बुधवार को एक निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 6 लोग घायल हो गए, जिनमें से 2 लोगों को उपचार के लिए डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद मैडीकल कॉलेज टांडा ले जाया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक निजी बस (HP 68-2602) बौड़ क्वालु से रानीताल जा रही थी। इस दौरान वह डाका पलेरा में अनियंत्रित होकर पलट गई।

सोया रहा प्रशासन, बर्फ के बीच एम्बुलैंस में फंसी रही Dead body
वैसे तो प्रशासनिक अधिकारी बर्फबारी से निपटने को लेकर एक से बढ़कर एक दावे कर रहे हैं लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों की पोल लक्कड़ बाजार में बर्फ के बीच फंसी एम्बुलैंस में डैड बॉडी को देखकर ही खुलती नजर आई।

दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में PM मोदी से बात करेंगे हिमाचल के 6 छात्र
बोर्ड की परीक्षाएं नजदीक हैं। ऐसे में छात्रों को परीक्षा की तैयारी किस तरह से करनी है और परीक्षाओं के तनाव को किस तरह से भगाना है, इसके बारे में टिप्स प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देंगे। 29 जनवरी को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम से पी.एम. मोदी देशभर के छात्रों के साथ परीक्षा पर चर्चा करेंगे।

प्रियंका गांधी की राजनीति में एंट्री पर बोले मुकेश अग्निहोत्री, BJP को लगा करंट का झटका
प्रियंका गांधी की राजनीति में एंट्री से कांग्रेसी गद्गद् हो गए हैं। प्रियंका गांधी को कांग्रेस का महासचिव बनाने की सूचना मिलते ही ऊना में प्रियंका के पक्ष में जोरदार नारेबाजी हुई। वहीं नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने प्रियंका गांधी के राजनिति में सक्रिय होने पर प्रसन्नता जाहिर की है।

अनुराग ठाकुर का बड़ा वार, बोले-कांग्रेस से ज्यादा झूठ बोलने वाला दुनिया में कोई नहीं
बिलासपुर दौरे के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि राम मंदिर निर्माण में देरी कांग्रेस पार्टी कर रही है और विपक्षी दलों के महागठबंधन को उन्होंने ठगबंधन बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस से ज्यादा झूठ बोलने वाली पार्टी भारत में नहीं बल्कि दुनिया में कोई और नहीं है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण में देरी कांग्रेस पार्टी कर रही है।

Showroom से महंगी Jacket पर किया हाथ साफ, CCTV में कैद हुई दंपति की करतूत
शिमला के मालरोड पर स्थित एक शोरूम में एक दंपति महंगी जैकेट पर हाथ साफ कर फरार हो गया। शातिर दंपति ने बड़ी सफाई से चोरी को अंजाम दिया जिसकी भनक न तो वहां मौजूद लोगों को लगी और न ही शोरूम के कर्मचारियों को लेकिन ये शातिर तीसरी आंख से नहीं बच पाए। चोरी की पूरी घटना शोरूम में लगे सी.सी.टी.वी. में कैद हो गई।

Vijay