हिमाचल में फिर करवट लेगा मौसम, इन 2 दिन बारिश-बर्फबारी की संभावना, जानें IMD का लेटेस्ट अपडेट

punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 11:30 AM (IST)

Himachal Weather Update: हिमाचल प्रदेश में फरवरी के अंतिम दिनों में मौसम का मिला-जुला मिजाज देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां मैदानी इलाकों में कोहरे और तेज हवाओं ने दस्तक दी है, वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आगामी 27 फरवरी से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की चेतावनी दी है, जिससे प्रदेश के मौसम में फिर से बदलाव देखने को मिलेगा।

कहां क्या रहा मौसम का हाल?

मंगलवार को भरमौर की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी दर्ज की गई। इसके विपरीत, राजधानी शिमला और कुल्लू-मनाली में दिन भर मौसम साफ रहा। हालांकि, कुल्लू और कांगड़ा के कुछ हिस्सों में दोपहर के समय चली तेज हवाओं ने ठंड का अहसास कराया। बिलासपुर के मैदानी इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई। सबसे कम न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में -5.0 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, सबसे अधिक अधिकतम तापमान ऊना में 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा। ऊंची पहाड़ियों में न्यूनतम पारा -5 से 1 डिग्री और मैदानी इलाकों में 9 से 14 डिग्री के बीच बना हुआ है।

मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा के अनुसार, 27 और 28 फरवरी को राज्य के कुछ चुनिंदा स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इस दौरान मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। हालांकि, इसके बाद मार्च की शुरुआत तक राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। अगले 3 से 4 दिनों तक तापमान में किसी बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना कम है। 2 मार्च तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने की उम्मीद जताई गई है, जिससे बागवानों और पर्यटकों को राहत मिल सकती है।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News