Himachal Wrap UP : कोरोना संक्रमित होने के बाद वीरभद्र सिंह चंडीगढ़ शिफ्ट, ऊना में फिर चली गाेली, पढ़ें दिनभर की बड़ी खबरें

Tuesday, Apr 13, 2021 - 07:34 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह को कोरोना संक्रमित होने के बाद चंडीगढ़ शिफ्ट किया गया है। प्रदेश के ऊना जिले में एक बार फिर गोली चली है। कोरोना के बीच 10वीं व 12वीं की परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हो गई हैं। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला नगर निगम चुनाव को लेकर चल रहे कयासों पर आखिरकार विराम लग ही गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर अलायन्स यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड डिजाइन के 15 छात्रों का दल अटल टनल रोहतांग निहारने पहुंचा है। मंडी जिले के करसोग में एक सड़क हादसा होने से पांच लोगों की मौत होने की सूचना प्राप्त हुई है। आईजीएमसी के आपातकालीन वार्ड से ईसीजी मशीन शातिर चोरी कर ले गया। ऐसी ही दिनभर की खास खबरें हम आपके लिए लाए हैं जो आप अपने व्यस्त शेड्यूल के चलते मिस कर जाते हैं। इस न्यूज बुलेटिन में हम आपको हिमाचल से जुड़ी बड़ी खबरें बताने जा रहे हैं।

पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह कोरोना संक्रमित होने के बाद चंड़ीगढ़ शिफ्ट
हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह को कोरोना संक्रमित होने के बाद चंडीगढ़ शिफ्ट किया गया है। हालांकि, मंगलवार सुबह बताया गया था कि उनकी तबीयत ठीक है लेकिन अब उन्हें चंडीगढ़ भेजा जा रहा है। आईजीएमसी शिमला के डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही थी। सुबह सात बजे उन्हें शिमला से मोहाली के मैक्स अस्पताल में ले जाया गया है।

ऊना में झगड़ा, गालियां, पथराव और फिर चला दी गोली
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में एक बार फिर गोली चली है। गोलीकांड के चलते यहां माहौल तनावपूर्ण हो गया है। मामला थाना बंगाणा के तहत टिहरा का है, जिसमें टिहरा निवासी वासदेव पुत्र भगत राम ने थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि वह अपने घर में था और उसका भतीजा उनके घर के सामने गेहूं की कटाई के बाद उसकी थ्रेशिंग कर रहा था।

कोरोना के बीच 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं शुरू, पहले दिन 8 विद्यार्थियों के संक्रमित होने की सूचना
कोरोना के बीच 10वीं व 12वीं की परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हो गई हैं। स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा परीक्षाओं के संचालन के लिए प्रबंध किए गए हैं। आज 12वीं का अंग्रेजी विषय व दसवीं का ङ्क्षहदी विषय का पेपर था। परीक्षाएं सुबह व सायं 2 सत्रों में हुईं। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी ने कहा कि परीक्षा के पहले दिन 8 विद्यार्थियों के संक्रमित होने की सूचना बोर्ड को स्कूलों से प्राप्त हुई है।

धर्मशाला नगर निगम के मेयर बने ओंकार नैहरिया, सर्व चंद को डिप्टी मेयर की कमान
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला नगर निगम चुनाव को लेकर चल रहे कयासों पर आखिरकार विराम लग ही गया। नगर निगम चुनाव में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। भाजपा के पास यहां आठ और कांग्रेस के पास 5 सीटें थी, जबकि दो-दो आजाद प्रत्याशी जीते थे। अब मंगलवार को ओंकार नैहरिया को निर्विरोध मेयर चुना गया है। ओंकार नैहरिया मैक्लोडगंज वार्ड-3 पार्षद चुने गए हैं।

प्रधानमंत्री के आह्वान पर अटल टनल निहारने पहुंचा बैंगलोर के इंजीनियरिंग छात्रों का दल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर अलायन्स यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड डिजाइन के 15 छात्रों का दल अटल टनल रोहतांग निहारने पहुंचा। छात्रों का यह दल अटल टनल के इंजीनियरिंग के इस अजूबे को जानने वाला पहला दल बन गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन अक्टूबर को सोलंगनाला में अटल टनल के लोकार्पण के बाद देश वासियों को संबोधित करते हुए कहा था।

नगर निगम पालमपुर की Mayor बनीं पूनम बाली, अनीश नाग बने Vice Mayor
नवगठित नगर निगम पालमपुर में महापौर पद का दायित्व महिला संभालेगी। भरमात वार्ड से विजेता रही पूनम बाली नगर निगम पालमपुर की पहली मेयर बनीं है जबकि आईमा वार्ड से निर्वाचित अनीश नाग उपमहापौर होंगे। नगर निगम पालमपुर में महापौर पद प्रथम अढ़ाई वर्ष के लिए अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किया गया है, ऐसे में कांग्रेस वर्चस्व वाली नगर निगम में यह कमान पूनम बाली को सौंपी गई है।

मंडी के करसोग क्षेत्र में हादसा, पांच की मौत
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के करसोग क्षेत्र में एक सड़क हादसा होने की सूचना प्राप्त हो रही है। करसोग के निहरी क्षेत्र के सरोर में एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई है। हादसे में पांच लोगों की मौत होने की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस को सूचना दे दी गई है और पुलिस घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है।

हिमाचल के सबसे बड़े अस्पताल से चोरी हुई ECG मशीन, 2 दिन बाद ऐसे पकड़ा गया आरोपी
हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल आईजीएमसी में चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। यहां आए दिन चोरियां हो रही हगै। हैरानी की बात है कि आपातकालीन वार्ड से ईसीजी मशीन ही शातिर चोरी कर ले गया। इस चोरी की वारदात से आईजीएमसी में हड़कंप मच गया।

कोरोना वायरस के साए में शुरू हुआ चैत्र नवरात्र मेला, दो साल बाद हुआ आयोजित
उत्तराखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चिंतपूर्णी में चैत्र नवरात्र मेले का आयोजन करीब 2 साल के बाद किया जा रहा है। मंगलवार को मां के दरबार में यह ऐतिहासिक मेला विधिवत आरंभ किया गया। हालांकि वैश्विक महामारी कोविड-19 के कारण इस बार मेले का स्वरूप पहले जैसा नहीं है। प्रतिबंधों की बाढ़ के बीच इस बार केवल श्रद्धालुओं को दर्शन करने की छूट दी गई है।

कायाकल्प में फिर अव्वल आया किन्नौर जिला का ये अस्पताल
क्षेत्रीय चिकित्सालय रिकांगपिओ को पूरे प्रदेश में काया कल्प कार्यक्रम में पहला स्थान मिला है। प्रदेश में पहला स्थान पाने पर उपायुक्त किन्नौर ने सीएमओ किन्नौर सहित पूरी टीम को बधाई दी है। बता दें कि इससे पहले भी रिकांगपिओ चिकित्सालय को वर्ष 2016 में काया कल्प में पूरे प्रदेश में पहला स्थान मिला था तथा अब वर्ष 2021 में फिर से रिकांगपिओ चिकित्सालय को दूसरी बार काया कल्प में पहला स्थान मिला है।

Content Writer

Vijay