हिमाचल में 51,59,000 मतदाता डालेंगे वोट, पढ़िए किस दिन प्रत्याशी कर सकेंगे नामांकन(Video)

Monday, Mar 11, 2019 - 03:04 PM (IST)

शिमला (योगराज): देश भर में लोकसभा चुनाव का शंखनाद हो चुका है। हिमाचल प्रदेश में 19 मई को चार सीटों पर चुनाव होगा। जबकि 23 को नतीजे आएंगे। जिसको लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने तैयारियां पूरी कर ली है। राज्य निर्वाचन अधिकारी दिवेश कुमार ने बताया कि नामांकन की अंतिम तिथि 29 अप्रैल और 30 को नामांकन की समीक्षा की जाएगी जबकि 2 मई तक नाम वापिस लिए जाएंगे। सभी मतदान केंद्रों में 7723 ईवीएम एवं वीवीपीटी पर मतदान होगा। हिमाचल प्रदेश में 51,59,000 मतदाता हैं। जिनमें 25 लाख 84 हजार 183 पुरूष और 25 लाख 12 हजार 627 वोटर्स महिला हैं। 2014 में कुल मतदाता 47लाख 44 हज़ार 215 वोटर थे। जबकि थर्ड जेंडर के भी 59 मतदाता हैं। इसी तरह से सर्विस वोटर्स की बात करें तो हिमाचल में 61 हजार 401 पुरूष व 730 महिला सर्विस मतदाता हैं।

पहली बार 48 हज़ार 211 पुरुष, 39,889 महिलाएं व 27 थर्ड जेंडर मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। हिमाचल में 7723 पोलिंग स्टेशन तय किए गए है। 950 संवेदनशील थे जबकि अति संवेदनशील 367 पोलिंग स्टेशन है। ईवीएम मशीनों में आने वाली खराबी पर भी चुनाव आयोग पूरा ध्यान रखा जाएगा। जिनकी पूर्ति के लिए अतिरिक्त मशीनों का प्रबंध रखा गया है। इन पोलिंग स्टेशन पर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए है। प्रदेश के 42 हजार 400 सरकारी कर्मचारी डयूटी पर रहेंगे। प्रदेश के सभी पोलिंग स्टेशनों पर 12500 पुलिस जवान, 6500 होम गार्ड व 42 कंपनी सेंट्रल रिज़र्व फ़ोर्स की मांगी गई है। 70 लाख हर प्रत्याशी चुनाव में ख़र्च कर सकता है। जबकि हिमाचल में चुनावी खर्चा 75 करोड़ होने का अनुमान है। जो कि 2014 चुनाव से 30 करोड़ ज़्यादा है। रात दस से सुबह 6 बजे तक ध्वनि प्रदूषण पर पूर्णतया प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्लास्टिक पोस्टर बैनर पर भी प्रतिबंध रहेगा।

खर्चे की निगरानी के लिए 206 फ्लाइंग स्क्वाड व 13 एमसीएनसी का गठन कर दिया है। लाहौल स्पति के लिंगर मतदान केन्द्र में सबसे कम 37 वोटर है। सबसे ऊंचाई वाला पोलिंग स्टेशन लाहौल स्पीति में हिक्किम है जो 14567 हज़ार फुट की ऊंचाई पर है। बंजार में शक्ति पोलिंग बूथ है जहां 20 किलोमीटर पैदल जाना पड़ेगा। जिसमे 186 मतदाता है। सबसे ज्यादा मतदाता वाला पोलिंग स्टेशन ऊना का संतोखगढ़ है जिंसमे 1359 वोटर है। गौर रहे कि 2014 चुनाव में चारों सीटें भाजपा की झोली में गई थी। कांगड़ा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी के शांता कुमार, मंडी लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी के रामस्वरूप शर्मा, शिमला लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी के वीरेंद्र कश्यप जबकि हमीरपुर लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी के ही अनुराग ठाकुर सांसद हैं। प्रदेश के 68 विधानसभा क्षेत्रों के मुताबिक प्रदेश के सभी संसदीय क्षेत्रों के दायरे में 17-17 विधानसभा क्षेत्र आते हैं।
 

Ekta