सरकार ने कैबिनेट बैठक में लिए अहम फैसले, राहुल गांधी के मुद्दे पर सदन में हंगामा, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Saturday, Mar 25, 2023 - 06:18 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के जिला लाहौल-स्पीति सहित चोटियों में शुक्रवार को हिमपात हुआ है वहीं मैदानी क्षेत्रों में बारिश हुई। राज्य सरकार ने हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से तृतीय श्रेणी भर्ती प्रक्रिया को शुरू करने की मंजूरी प्रदान कर दी है। हिमाचल विधानसभा में शुक्रवार को राहुल गांधी के मुद्दे पर सदन का माहौल गर्मा गया। उधर, कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह की अध्यक्षता में विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। 31 मार्च को समाप्त होने जा रहे वित्तीय वर्ष 2022-23 से पहले राज्य सरकार 1700 करोड़ रुपए कर्ज लेगी। विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान जल शक्ति विभाग में आऊटसोर्स भर्तियों को लेकर शोर-शराबा हुआ। संसदीय सचिवों की नियुक्ति को चुनौती देने का मामला एक बार फिर प्रदेश हाईकोर्ट के समक्ष पहुच चुका है। राज्य में इलैक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए सरकारी क्षेत्र में सभी पैट्रोलियम वाहनों की खरीद पर रोक लगाई गई है। शातिरों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का फर्जी फेसबुक अकाऊंट बनाकर मैसेंजर के माध्यम से लोगाें से पैसों की मांग की। प्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा जारी अधिसूचना के तहत 83 न्यायिक सेवा अधिकारियों के तबादला आदेश पारित किए गए हैं। ऊना जिला के उपमंडल बंगाणा के तहत बीहड़ू में श्रद्धालुओं से भरा एक टैंपो अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकरा गया।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

रोहतांग दर्रे सहित प्रदेश की चोटियों पर हिमपात, मैदानों में बारिश
हिमाचल प्रदेश के जिला लाहौल-स्पीति सहित चोटियों में शुक्रवार को हिमपात हुआ है वहीं मैदानी क्षेत्रों में बारिश हुई। जानकारी के अनुसार सुबह के समय लाहौल घाटी में धूप खिली और पर्यटकों ने घूमने का आनंद लिया, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और हिमपात का क्रम शुरू हो गया। दोपहर बाद रोहतांग सहित चोटियों में भी बर्फ के फाहे गिरे। 

लोक सेवा आयोग से तृतीय श्रेणी भर्ती प्रक्रिया शुरू करने को मंजूरी
राज्य सरकार ने हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से तृतीय श्रेणी भर्ती प्रक्रिया को शुरू करने की मंजूरी प्रदान कर दी है। पहले इस तरह की भर्ती प्रक्रिया कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर के माध्यम से की जाती थी लेकिन इसको भंग करने से अब यह भर्ती प्रक्रिया लोक सेवा आयोग के माध्यम से की जाएगी। इससे आने वाले दिनों में विभिन्न श्रेणियों के 2000 पदों को भरने की प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जा सकेगा। 

राहुल गांधी के मुद्दे पर सदन में नारेबाजी से गर्माया माहौल
हिमाचल विधानसभा में शुक्रवार को दोपहर बाद कुछ समय के लिए सदन का माहौल गर्मा गया। दरअसल नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सदन में संकल्प पर हुई चर्चा के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी का मामला उठाना चाहा, लेकिन जैसे ही उन्होंने राहुल गांधी का नाम लिया तो मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री के साथ ही सत्तापक्ष के अन्य सदस्य अपनी सीटों पर खड़े होकर नेता प्रतिपक्ष द्वारा उठाए जा रहे मुद्दे का विरोध करने लगे, ऐसे में दोनों तरफ से शोरगुल होने लगा। 

राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस विधायकों का विधानसभा परिसर में प्रदर्शन
कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह की अध्यक्षता में विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई। कांग्रेस विधायकों ने राहुल गांधी को साजिश के तहत फंसाने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से घबराकर भाजपा उन्हें बदनाम करने में जुटी हुई है।

हिमाचल सरकार फिर लेगी 1700 करोड़ का कर्ज
31 मार्च को समाप्त होने जा रहे वित्तीय वर्ष 2022-23 से पहले राज्य सरकार 1700 करोड़ रुपए कर्ज लेगी। कर्ज की यह राशि 2 मदों में क्रमश: 700 करोड़ रुपए और 1000 करोड़ रुपए ली जाएगी। इसमें 700 करोड़ रुपए 9 साल व 1000 करोड़ रुपए 15 साल की अवधि के लिए कर्ज के रूप में लिए जाएंगे। इस कर्ज को लेने के लिए नीलामी प्रक्रिया 28 मार्च को होगी तथा 29 मार्च को सरकार के खाते में यह राशि आ जाएगी।

सदन में आऊटसोर्स भर्तियों को लेकर शोर-शराबा, मुकेश अग्निहोत्री ने घेरी भाजपा
हिमाचल प्रदेश विधानसभा में शुक्रवार को प्रश्नकाल के दौरान जल शक्ति विभाग में आऊटसोर्स भर्तियों को लेकर शोर-शराबा हुआ। ये भर्तियां पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुई थीं। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान विधायक प्रकाश राणा, रणधीर शर्मा व विपिन सिंह परमार के संयुक्त सवाल के जवाब में कहा कि जल शक्ति विभाग में सरकार 5 हजार भर्तियां करने जा रही है और इन भर्तियों में पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी।

संसदीय सचिवों की नियुक्ति को चुनौती देने का मामला पहुंचा हाईकोर्ट
संसदीय सचिवों की नियुक्ति को चुनौती देने का मामला एक बार फिर प्रदेश हाईकोर्ट के समक्ष पहुच चुका है। राज्य सरकार द्वारा हाल ही में की गई 6 मुख्य संसदीय सचिवों की नियुक्ति को चुनौती देने के लिए प्रदेश हाईकोर्ट के समक्ष आवेदन दायर किया गया है। हाईकोर्ट ने इस आवेदन पर राज्य सरकार को नोटिस जारी कर जवाबतलब किया है।

सरकारी क्षेत्र में पैट्रोलियम वाहनों की खरीद पर रोक 
राज्य में इलैक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए सरकारी क्षेत्र में सभी पैट्रोलियम वाहनों की खरीद पर रोक लगाई गई है। सरकार की तरफ से सभी विभागों को गत 2 फरवरी को ऐसे निर्देश जारी किए गए हैं। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने यह जानकारी विधायक राजेंद्र राणा की तरफ से पूछे गए प्रश्न के लिखित उत्तर में दी। 

शातिरों ने बनाया सीएम का फर्जी फेसबुक अकाऊंट
शातिरों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का फर्जी फेसबुक अकाऊंट बनाकर मैसेंजर के माध्यम से लोगाें से पैसों की मांग की। इस बात की भनक लगते ही साइबर सैल ने अपने स्तर पर जांच शुरू करते हुए कार्रवाई की और यह पेज अब फेसबुक पर नहीं दिखाई दे रहा है लेकिन बावजूद इसके इस मामले को साइबर सैल ने फेसबुक से भी उठाया है। 

हाईकोर्ट ने किए 83 न्यायिक सेवा अधिकारियों के तबादले
प्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा जारी अधिसूचना के तहत 83 न्यायिक सेवा अधिकारियों के तबादला आदेश पारित किए गए हैं। जिला एवं सत्र न्यायाधीशों में बहादुर सिंह को हिमाचल प्रदेश ट्रांसपोर्ट अपीलेट ट्रिब्यूनल मंडी, पुने राम को जिला एवं सत्र न्यायाधीश चम्बा, ज्योत्स्ना एस. डढवाल को धर्मशाला के जिला एवं सत्र न्यायाधीश फैमिली कोर्ट के तौर पर, अनुजा सूद को रजिस्ट्रार लोकायुक्त हिमाचल प्रदेश लगाया है।

बीहड़ू में ब्रेक फेल होने पर पहाड़ी से टकराया टैंपो, 12 श्रद्धालु घायल
पंजाब के कपूरथला जिले से ऊना होकर बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध शीश नवाने जा रहे श्रद्धालुओं का टैंपो उपमंडल बंगाणा के तहत बीहड़ू में तीखी उतराई पर अनियंत्रित होकर पहाड़ी से जा टकराया। इस हादसे में लगभग एक दर्जन श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीखोपुकार मच गई। टैंपो और पहाड़ी के बीच फंसे एक 13 वर्षीय बालक को कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News