बजट सत्र का प्रश्नकाल शुरू होते बिफरा विपक्ष, 3 साल की बेटी के साथ महिला ने की आत्महत्या, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Wednesday, Mar 22, 2023 - 06:28 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही 2 दिन के अवकाश के बाद सोमवार दोपहर 2 बजे से शुरू हुई। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने जैसे ही प्रश्नकाल को आरंभ करना चाहा तो विपक्ष के सदस्य डा. जनक राज ने अपने एक प्रश्न को कार्यवाही से विलोप करने पर आपत्ति जताई। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इस पर कहा कि प्रश्न को इस तरह से विलोप करना सही नहीं है। पुलिस थाना कुमारसैन के अंतर्गत मलेंडी पंचायत के फराल गांव में नेपाली मूल की एक महिला ने तीन साल की बेटी के साथ फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह पुलिस को करीब 10 बजे घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही कुमारसैन पुलिस टीम मौके पर पहुंची व दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू की।

 

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

विधानसभा: प्रश्नकाल शुरू होने से पहले ही प्रश्न को विलोप करने पर बिफरा विपक्ष
हिमाचल प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही 2 दिन के अवकाश के बाद सोमवार दोपहर 2 बजे से शुरू हुई। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने जैसे ही प्रश्नकाल को आरंभ करना चाहा तो विपक्ष के सदस्य डा. जनक राज ने अपने एक प्रश्न को कार्यवाही से विलोप करने पर आपत्ति जताई। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इस पर कहा कि प्रश्न को इस तरह से विलोप करना सही नहीं है।

विधानासभा: 4 साल में पटरी पर आएगी अर्थव्यवस्था : सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रश्नकाल में हस्तक्षेप करते हुए कहा कि 4 साल के भीतर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार वित्तीय संसाधनों को जुटाने के लिए पैट्रोल व डीजल पर सैस भी नहीं लगाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हिमाचल प्रदेश को वर्ष 2026 तक ग्रीन एनर्जी स्टेट बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार 1,500 इलैक्ट्रिक बसों को सड़क पर उतारने से पहले 6 माह के भीतर चार्जिंग के लिए ढांचागत सुविधाएं उपलब्ध करवाएगी।

जम्मू-कश्मीर के कब्जे में हिमाचल की 16,000 बीघा जमीन : जगत
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर ने हिमाचल प्रदेश की 16,000 बीघा जमीन पर अपना कब्जा किया है। उन्होंने कहा कि सरकार के ध्यान में यह मामला वर्ष 2016-17 में आया। उन्होंने यह जानकारी विधायक डी.एस. ठाकुर की तरफ से पूछे गए प्रश्न के उत्तर में दी।

सरकार पर सत्ता का सुरूर नजर आ रहा : जयराम ठाकुर
हिमाचल विधानसभा में सोमवर को नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बजट भाषण पर चर्चा शुरू की। जयराम ठाकुर ने करीब 1 घंटा 22 मिनट तक बजट को लेकर अपनी बात कही। इस दौरान उन्होंने  कांग्रेस सरकार पर बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाया और कहा कि जिस तरह से सत्ता में आते ही संस्थान डीनोटिफाई किए गए, उससे प्रदेश की राजनीति में गलत परंपरा स्थापित होगी।

मध्यम सिंचाई परियोजना सूखा हार की डी.पी.आर. तैयार : मुकेश अग्रिहोत्री
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा है कि जल शक्ति मंडल ज्वाली की तरफ से मध्यम सिंचाई परियोजना सूखा हार की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट 223.49 करोड़ रुपए से तैयार कर ली गई है। इसे राज्य स्तरीय योजना स्वीकृति समिति के अनुमोदन के उपरांत केंद्र सरकार, केंद्रीय जल आयोग, जल संसाधन नदी विकास एवं गंगा संरक्षण नई दिल्ली को भेजा जाएगा।

धर्म के नाम पर विवाद पैदा करना गलत : दलाई लामा
मलेशिया, स्वीडन और संयुक्त राज्य अमरीका के मुस्लिम विद्वानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को धर्मशाला में तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा के निवास पर उनसे मुलाकात की। इस दौरान दलाई लामा ने विद्वानों के साथ एक संक्षिप्त बातचीत की तथा उन्होंने एक शांतिपूर्ण और करुणाशील विश्व के लिए अपनी 4 प्रमुख प्रतिबद्धताओं में से एक के रूप में धार्मिक सद्भाव को बढ़ावा देने के बारे में बात की। दलाई लामा ने कहा कि सभी धर्मों के अलग-अलग दर्शन हो सकते हैं, लेकिन सभी धर्म करुणा और अहिंसा के प्रचार में एकजुट हैं।

निजी होटल में युवती के साथ गैंगरेप
पुलिस थाना परवाणू के तहत कोटी के एक निजी होटल में गैंगरेप का मामला दर्ज किया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लड़की की उम्र 21 वर्ष है और वह हरियाणा की रहने वाली है। पीड़ित लड़की ने परवाणू थाना में उसके साथ गैंगरेप का मामला दर्ज करवाया है। पीड़ित लड़की ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 19 तारीख को अपने दोस्त मोहित के साथ कोटी के होटल में पहुंची थी।

एचपीयू के प्रो-वाइस चांसलर ने दिया इस्तीफा
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एच.पी.यू.) के प्रो-वाइस चांसलर प्रो. ज्योति प्रकाश ने इस्तीफा दे दिया है। सोमवार को उन्होंने राजभवन जाकर अपना इस्तीफा सौंपा। उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दिया है। इसके साथ ही अब हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में नए प्रो-वाइस चांसलर की नियुक्ति को लेकर हलचल बढ़ गई है। इस पद के लिए लॉबिंग कर रहे शिक्षक नियुक्त होने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। नए प्रो-वाइस चांसलर के पद की नियुक्ति इसी सप्ताह हो सकती है।

फिर बर्फबारी, मैदानों में बारिश के साथ ओलावृष्टि, फसलें प्रभावित
हिमाचल में मार्च के महीने में एक बार फिर ठंड लौट आई है। मौसम विभाग के यैलो अलर्ट के चलते प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी का दौर जारी है। वहीं मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में ओलावृष्टि व बारिश हो रही है। प्रदेश के कई शहरों में 5 दिन पहले के मुकाबले तापमान में 8 से 10 डिग्री सैल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को किन्नौर, लाहौल-स्पीति सहित रोहतांग, बारालाचा, कुंजुम दर्रा, हामटा सहित कुफरी, नारकंडा सहित ऊपरी शिमला में कई क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की गई। वहीं प्रदेश के कई क्षेत्रों में दिनभर बारिश का दौर जारी रहा।

नेपाली महिला ने तीन साल की बेटी के साथ लगाया फंदा
पुलिस थाना कुमारसैन के अंतर्गत मलेंडी पंचायत के फराल गांव में नेपाली मूल की एक महिला ने तीन साल की बेटी के साथ फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह पुलिस को करीब 10 बजे घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही कुमारसैन पुलिस टीम मौके पर पहुंची व दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News