CM ने फिर बुलाई मंत्रिमंडल बैठक, पूर्व मंत्री ने पाकिस्तान सरकार से की हिमाचल सरकार की तुलना, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Sunday, Mar 05, 2023 - 06:10 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल में अगले एक सप्ताह तक बारिश के आसार नहीं हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक सप्ताह के भीतर तीसरी मंत्रिमंडल बैठक बुलाई है। पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने आरोप लगाया है कि हिमाचल प्रदेश की सरकार पाकिस्तान की सरकार से मिलती-जुलती है। मुंबई में आयोजित देश के सबसे बड़े फार्मा एक्सपो में भाग लेने गए उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने फिल्म अभिनेता सोनू सूद से मुलाकात की। हिमाचल प्रदेश में चीड़ की पत्तियों व बांस से जैव ऊर्जा का उत्पादन किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पार्टी के निष्क्रिय पदाधिकारियों को चेताया तथा उन्हें संगठन की मजबूती के लिए पूर्ण क्रियाशील होने का आह्वान किया। हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग द्वारा ड्राइंग मास्टर पोस्ट कोड-980 की लिखित परीक्षा के लिए तैयार किए गए पेपर को सुनीता देवी ने पैसे देकर खरीदा था। प्रदेश सरकार ने 2 एचपीपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। राजधानी शिमला में एसएफआई व एबीवीपी के बीच एक बार फिर से खूनी संघर्ष देखने को मिला। चम्बा जिले में पुलिस ने कोटी पुल के पास नाकाबंदी के दौरान एक युवक से 1 किलो 109 ग्राम चरस बरामद की है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

अटल टनल सहित रोहतांग दर्रे में हिमपात, 10 मार्च तक मौसम साफ
शादियों की तैयारियों में लगे लोगों के लिए राहत की खबर है। हिमाचल में अगले एक सप्ताह तक बारिश के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में 10 मार्च तक मौसम साफ रहेगा और तेज धूप खिली रहेगी। इस दौरान तापमान में बढ़ौतरी होने की संभावना है। 

CM सुक्खू ने 6 मार्च को फिर बुलाई कैबिनेट मीटिंग
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक सप्ताह के भीतर तीसरी मंत्रिमंडल बैठक बुलाई है। इससे पहले सरकार ने पहले 1 मार्च, फिर 3 मार्च और उसके बाद अब 6 मार्च को दोपहर 2 बजे मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई है, ऐसे में सरकार पुरानी पैंशन योजना (ओपीएस) को 1 अप्रैल, 2023 से लागू करने के बाद दूसरा बड़ा निर्णय ले सकती है।

पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने पाकिस्तान सरकार से की हिमाचल सरकार की तुलना
पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने आरोप लगाया है कि हिमाचल प्रदेश की सरकार पाकिस्तान की सरकार से मिलती-जुलती है। इसी कारण जैसे पाकिस्तान आर्थिक बदहाली की ओर आगे बढ़ रहा है, वैसे ही हिमाचल प्रदेश सरकार अपने सलाहकारों के सहारे राज्य को आर्थिक बदहाली की तरफ धकेल रही है। सुरेश भारद्वाज यहां संस्थानों को डिनोटिफाई करने के खिलाफ शिमला भाजपा की तरफ से डीसी कार्यालय के बाहर किए जा रहे विरोध प्रदर्शन के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। 

मुंबई में फिल्म अभिनेता सोनू सूद से मिले उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान
मुंबई में आयोजित देश के सबसे बड़े फार्मा एक्सपो में भाग लेने गए उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने फिल्म अभिनेता सोनू सूद से मुलाकात की। उनकी यह मुलाकात मुंबई एयरपोर्ट पर हुई। जानकारी के अनुसार इस दौरान उद्योग मंत्री ने उनसे हिमाचल प्रदेश में फिल्म सिटी स्थापित करने की दिशा में कार्य करने का आग्रह किया। 

हिमाचल में चीड़ की पत्तियों व बांस से किया जाएगा जैव ऊर्जा का उत्पादन
हिमाचल प्रदेश में चीड़ की पत्तियों व बांस से जैव ऊर्जा का उत्पादन किया जाएगा। इसको लेकर प्रदेश सरकार जल्द ही एक पायलट आधार पर प्रोजैक्ट शुरू करेगी। इसके लिए राज्य सरकार उभरते जैव ऊर्जा क्षेत्र में नीतिगत सुझावों एवं अनुसंधान सहयोग को लेकर इंडियन स्कूल ऑफ बिजनैस (आईएसबी) के साथ समन्वय करेगी। यह बात मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सुक्खू ने शिमला में आईएसबी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।

प्रतिभा सिंह की निष्क्रिय पदाधिकारियों को चेतावनी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पार्टी के निष्क्रिय पदाधिकारियों को चेताया तथा उन्हें संगठन की मजबूती के लिए पूर्ण क्रियाशील होने का आह्वान किया अन्यथा उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। इसके अलावा उन्होंने कुछ ब्लॉकों में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की धीमी गति पर अपनी नाराजगी भी जताई तथा गति प्रदान करते हुए निर्धारित समय अवधि में इस अभियान को पूरा करने के निर्देश दिए। 

विजिलैंस जांच में खुलासा, ड्राइंग मास्टर परीक्षा में टॉपर बनी थी पेपर खरीदने वाली महिला
हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग द्वारा ड्राइंग मास्टर पोस्ट कोड-980 की लिखित परीक्षा के लिए तैयार किए गए पेपर को सुनीता देवी ने पैसे देकर खरीदा था। पेपर देने और कागजातों की जांच होने के बाद सुनीता देवी 28वें नंबर पर आकर टॉपर बनी है। हालांकि इस परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित नहीं किया गया है लेकिन 314 पदों की भर्ती लिस्ट में सुनीता देवी 28वें नंबर पर थी।

हरोली व कुल्लू के DSP बदले, BSF में आईजी के पद पर सेवाएं देंगे दिनेश यादव
प्रदेश सरकार ने 2 एचपीपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इसके तहत डीएसपी हरोली अनिल कुमार को डीएसपी कुल्लू व डीएसपी (मुख्यालय) कुल्लू मोहन लाल रावत को डीएसपी हरोली के पद पर तैनाती दी है। वहीं वर्ष 1998 बैच के आईपीएस अधिकारी दिनेश कुमार यादव बीएसएफ में आईजी के पद पर अपनी सेवाएं देंगे।

राजकीय कन्या महाविद्यालय के बाहर ABVP व SFI में खूनी संघर्ष
राजधानी शिमला में एसएफआई व एबीवीपी के बीच एक बार फिर से खूनी संघर्ष देखने को मिला। शनिवार को राजकीय कन्या महाविद्यालय के बाहर एसएफआई व एबीवीपी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस दौरान कई छात्राएं घायल हुई हैं। दोनों छात्र संगठनों की छात्राओं ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए हैं। इस दौरान दोनों गुटों ने सदर थाना में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है।

एसआईयू सैल ने 1.109 किलोग्राम चरस के साथ दबोचा तस्कर
पुलिस ने कोटी पुल के पास नाकाबंदी के दौरान एक युवक से 1 किलो 109 ग्राम चरस बरामद की है। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है। तस्कर की पहचान रूप सिंह (30) निवासी गांव देवीकोठी तहसील चुराह के तौर पर की गई है। जानकारी के अनुसार एसआईयू सैल के मुख्य आरक्षी परमेश शर्मा की अगुवाई में पुलिस ने कोटी पुल के पास नाका लगा रखा था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News