देवताओं ने वर्ष 2023 के लिए की भविष्यवाणी, VIP नंबर की करोड़ों में बोली लगाने वाले निकले फर्जी, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Monday, Feb 27, 2023 - 12:30 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल में फिर से मौसम अपने मिजाज बदलेगा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। ऐतिहासिक गांव गोशाल के आराध्य देव स्वर्ग प्रवास से लौट आए हैं। देवताओं 42 दिनों के बाद स्वर्ग प्रवास से लौटे कुल्लू घाटी के आराध्य देवों ने रविवार को मानव जगत के लिए भविष्यवाणी की। हिमाचल में बहुचर्चित वीआईपी नंबर (एचपी 99-9999) के लिए एक करोड़ की बोली लगाने वाले सभी बोलीदाता फर्जी निकले। छत्तीसगढ़ के रायपुर में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 85वें महाधिवेशन को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी रविवार को संबोधित किया। बल्क ड्रग पार्क को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष में अब जुबानी जंग छिड़ गई है। मंडी जिला के सुंदरनगर में जंगल में रविवार को एक मानव कंकाल मिला है। जिला कुल्लू की मणिकर्ण घाटी के छलाल गांव में एक दोमंजिला मकान में आग लगने से ऊपरी मंजिल जलकर राख हो गई। पुलिस थाना बंजार, सैंज व भुंतर के तहत 3 मामलों डेढ़ किलाे चरस के साथ 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस थाना अर्की के अंतर्गत डुमैहर पंचायत में झूला झूलते हुए एक बच्ची की मौत हो गई।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल के ऊंचाई वाले भागों में 1 मार्च को बारिश-बर्फबारी का यैलो अलर्ट
हिमाचल में फिर से मौसम अपने मिजाज बदलेगा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, ऐसे में 27 फरवरी को प्रदेश में मौसम खराब रह सकता है, वहीं 28 फरवरी और एक मार्च को प्रदेश में बारिश-बर्फबारी के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। ओलावृष्टि के कारण प्रदेश के किसानों-बागवानों की दिक्कतें बढ़ सकती हैं। 

स्वर्ग प्रवास से लौटे देवताओं ने की भविष्यवाणी
ऐतिहासिक गांव गोशाल के आराध्य देव स्वर्ग प्रवास से लौट आए हैं। देवताओं के लौटते ही मंदिरों में बंधी घटियां खोल दी गईं व कपाट भी खुल गए। 42 दिनों के बाद स्वर्ग प्रवास से लौटे कुल्लू घाटी के आराध्य देवों ने रविवार को भविष्यवाणी की। देवताओं ने गुर के माध्यम से मानव जगत के लिए वर्ष 2023 मिलाजुला बताया। स्वर्ग प्रवास से लौटे महर्षि गौतम, महर्षि व्यास व कंचन नाग द्वारा कुल्लू घाटी के लोगों की उपस्थिति में दुनियाभर में होने वाले घटनाक्रम से अवगत करवाया गया। 

VIP नंबर HP 99-9999 की एक करोड़ बोली लगाने सभी बोलीदाता निकले फर्जी
हिमाचल में बहुचर्चित वीआईपी नंबर (एचपी 99-9999) के लिए एक करोड़ की बोली लगाने वाले सभी बोलीदाता फर्जी निकले। परिवहन विभाग के अनुसार एक करोड़ की बोली लगाने वाले तीनों बोलीदाताओं ने वीआईपी नंबर (एचपी 99-9999) को नहीं खरीदा है। परिवहन विभाग ने एक करोड़ से अधिक की बोली लगाने वाले तीनों बोलीदाताओं को 30 प्रतिशत पंजीकरण फीस जमा करवाने के लिए 3 दिन का समय दिया था।

सीएम सुक्खू ने कांग्रेस शासित राज्य से की इलैक्ट्रिक वाहन अपनाने की अपील
छत्तीसगढ़ के रायपुर में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 85वें महाधिवेशन को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी रविवार को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार कार्बन उत्सर्जन को कम करने के लिए इलैक्ट्रिक वाहन नीति को सफलतापूर्वक लागू कर रही है। इलैक्ट्रिक वाहनों के उपयोग से डीजल और पैट्रोल से चलने वाले वाहनों से निकलने वाले धुएं से हो रहे पर्यावरण प्रदूषण को नियंत्रित करने में मदद मिल रही है। 

उछलकूद न करें भाजपा नेता, बल्क ड्रग पार्क अब कांग्रेस की जिम्मेदारी 
बल्क ड्रग पार्क के लिए भाजपा की सरकार में केवल चुनावी बातें हुई और फूटी कौड़ी भाजपा नहीं ला पाई थी और कांग्रेस की सरकार सत्ता में आने के बाद इस पर काम शुरू किया गया। अधिकारियों को तैनात किया गया और सबने काम किया व केंद्र के समक्ष पक्ष रखा तब जाकर पहली किस्त रिलीज हुई है। यह बात ऊना में जारी बयान में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कही। 

भाजपा ने बल्क ड्रग पार्क के वायदे को जमीन पर उतारा
पूर्व उद्योग मंत्री एवं विधायक बिक्रम ठाकुर ने कहा कि हरोली में बल्क ड्रग पार्क के लिए केंद्र सरकार ने पहली किस्त 225 करोड़ रुपए की भेज दी है। जब मोदी ने इस बल्क ड्रग पार्क का शिलान्यास किया था तो उस समय कहा गया था कि यह केवल चुनावी स्टंंट है। तब कांग्रेस नेताओं के कई नुमाइंदों ने कहा था कि यहां बल्क ड्रग पार्क नाम की कोई चीज आने वाली नहीं है। यहां जंगल हैं और यहां भालू रहते हैं। 

कांगू में शिव मंदिर के पास जंगल में मिला मानव कंकाल, पुलिस जांच में जुटी
सुंदरनगर उपमंडल में चंडीगढ़-मनाली एनएच-21 पर कांगू में शिव मंदिर के साथ लगते जंगल में रविवार को एक मानव कंकाल के मिलने की सूचना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सलापड़ पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई अनिल कटोच टीम सहित मौके पर पहुंचे शिव मंदिर के नीचे जंगल में पीपल के पेड़ के पास पड़े मानव कंकाल को कब्जे में लिया। वहीं सूचना मिलने पर सुंदरनगर पुलिस थाना से डीएसपी सुंदरनगर दिनेश कुमार सहित एसएचओ भरत भूषण भी मौके पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

मणिकर्ण के छलाल गांव में दोमंजिला मकान में लगी आग
जिला कुल्लू की मणिकर्ण घाटी के छलाल गांव में एक दोमंजिला मकान में आग लगने से ऊपरी मंजिल जलकर राख हो गई। मकान में आग लगने के कारणों का कोई पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार मकान में अचानक आग लग गई और लोगों ने जैसे ही आग की लपटें निकलती देखीं तो क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीण आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचे लेकिन घर काष्ठकुणी शैली का होने के चलते आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया । 

बंजार, सैंज व भुंतर में डेढ़ किलो चरस के साथ 4 गिरफ्तार
पुलिस थाना बंजार, सैंज व भुंतर के तहत मादक पदार्थ अधिनियम के तहत 3 मामले दर्ज हुए हैं। पुलिस ने तीनों मामलों में लगभग डेढ़  किलो चरस बरामद कर 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार पहला मामला पुलिस थाना बंजार के तहत सामने आया है। जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने देहुरी में गश्त के दौरान जजुराना होटल पार्किंग के पास प्रेम सिंह (42) पुत्र आलम चंद निवासी भुआड़ा, डाकघर कलवारी, तहसील बंजार के कब्जे से 1 किलो 45 ग्राम चरस बरामद की है।

चुन्नी से बनाया झूला बन गया फंदा, 9 वर्षीय बच्ची की मौत
पुलिस थाना अर्की के अंतर्गत डुमैहर पंचायत में झूला झूलते हुए एक बच्ची की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार रविवार को डुमैहर पंचायत के मांडला गांव में 9 वर्षीय बच्ची चुन्नी से बने झूले में झूला झूल रही थी। इस दौरान झूला गोल-गोल घूमने से यह बच्ची के लिए फांसी का फंदा बन गया, जिस वजह से दम घुटने के कारण उसकी मौत हो गई। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News