2000 करोड़ का कर्ज लेगी सरकार, डीडी हिमाचल पर लाइव प्रसारित होगी शक्तिपीठों की आरती, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Thursday, Feb 16, 2023 - 10:37 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में फरवरी माह के बीच ही गर्मी का एहसास होने लगा है। हिमाचल प्रदेश की नई सरकार नए साल में करीब 1 माह के अंतराल के बाद दूसरी बार कर्ज लेने जा रही है। हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में विलासिता किस कदर बढ़ रही है और वीआईपी नंबरों के लिए होड़ ने हर किसी को आश्चर्यचकित कर दिया है। डीडी हिमाचल के माध्यम से प्रदेश में स्थापित शक्तिपीठों (माता बज्रेश्वरी, ज्वालामुखी, चामुंडा और नयनादेवी) की आरती का लाइव प्रसारण किया जाएगा। हाईड्रोजन ट्रेन हिमाचल का पहाड़ चढ़ने से पहले ही हांफ गई। हिमाचल प्रदेश सरकार ने निराश्रित बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट (अपने बच्चे) के रूप में अपनाने का निर्णय लिया है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 14 मार्च से आरंभ होगा। दाड़लाघाट-बरमाणा ट्रक ऑप्रेटर्ज यूनियन ने वीरवार को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से मुलाकात सीमैंट ढुलाई विवाद का मुद्दा उठाया। ऊना जिले में पुलिस ने हरोली उपमंडल के तहत गांव पालकवाह में कार सवार 4 युवकों को चिट्टे की बड़ी खेप के साथ दबोचा है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

मैदानी इलाकों में होने लगा गर्मी का एहसास, बिलासपुर में 30 डिग्री पहुंचा तापमान
हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में फरवरी माह के बीच ही गर्मी का एहसास होने लगा है। मनाली में अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री व धर्मशाला में 26 डिग्री पहुंच गया है। 15 फरवरी तक कभी इतना तापमान नहीं पहुंचा है। वीरवार को बिलासपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया है। यह सामान्य से 8.3 डिग्री अधिक है।

हिमाचल सरकार फिर लेगी 2000 करोड़ का कर्ज
हिमाचल प्रदेश की नई सरकार नए साल में करीब 1 माह के अंतराल के बाद दूसरी बार कर्ज लेने जा रही है। इससे पहले गत जनवरी माह में सरकार ने 1500 करोड़ रुपए का कर्ज लिया था तथा अब फरवरी माह में 2000 करोड़ रुपए का कर्ज लिया जा रहा है। यह कर्ज 2 मदों में लिया जाएगा, जिसमें 1 मद में 700 करोड़ रुपए 9 साल और दूसरी मद में 1300 करोड़ रुपए कर्ज 15 साल की अवधि के लिए लिया जाएगा। 

हिमाचल के इतिहास में पहली बार गाड़ी नंबर के लिए लगी 1.12 करोड़ से अधिक की बोली
हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में विलासिता किस कदर बढ़ रही है और वीआईपी नंबरों के लिए होड़ ने हर किसी को आश्चर्यचकित कर दिया है। प्रदेश के इतिहास में शायद पहली बार ऑनलाइन बिडिंग यानी बोली 1 करोड़ रुपए को पार कर गई है। शिमला जिले के कोटखाई आरटीओ ऑफिस से (एचपी 99-9999) नंबर के लिए ऑनलाइन बोली आरंभ हुई। यह बोली देखते ही देखते 1,12,15,500 रुपए तक पहुंच गई है।

डीडी हिमाचल पर लाइव प्रसारित होगी हिमाचल के शक्तिपीठों की आरती
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि डीडी हिमाचल के माध्यम से प्रदेश में स्थापित शक्तिपीठों (माता बज्रेश्वरी, ज्वालामुखी, चामुंडा और नयनादेवी) की आरती का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके अलावा दूरदर्शन के प्रसिद्ध कार्यक्रम चित्रहार की तर्ज पर हिमाचली लोक संगीत पर आधारित कार्यक्रम को प्रसारित किया जाए। 

हिमाचल का पहाड़ चढ़ने से पहले ही हांफ गई हाईड्रोजन ट्रेन
हाईड्रोजन ट्रेन हिमाचल का पहाड़ चढ़ने से पहले ही हांफ गई। इसके कारण ट्रेन को आनन-फानन में कालका रेलवे स्टेशन पर वापस ले जाना पड़ा। विश्व धरोहर कालका-शिमला रेल लाइन पर हाईड्रोजन ट्रेन का वीरवार काे पहला ट्रायल था। इसको लेकर रेलवे ने कालका-शिमला रेललाइन पर कई स्टेशनों पर खूब तैयारियां की हुईं थीं। 

निराश्रित बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट के रूप में अपनाएगी सरकार
हिमाचल प्रदेश सरकार ने निराश्रित बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट (अपने बच्चे) के रूप में अपनाने का निर्णय लिया गया है। सरकार उपेक्षित वरिष्ठ नागरिकों, विशेष रुप से समक्ष बच्चों, निराश्रित बच्चों व महिलाओं को घर भी उपलब्ध करवाएगी, जिसके लिए 3 बिस्वा जमीन उपलब्ध करवाई जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई वर्तमान सरकार मंत्रिमंडल की दूसरी बैठक में यह निर्णय लिया गया।

14 मार्च से 6 अप्रैल तक चलेगा हिमाचल विधानसभा का बजट सत्र, 18 बैठकें होंगी
हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 14 मार्च से आरंभ होगा। बजट सत्र 6 अप्रैल तक चलेगा तथा इस दौरान कुल 18 बैठकें होंगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में यहां आयोजित मंत्रिमंडल बैठक में यह निर्णय लिया गया। मंत्रिमंडल के अनुमोदन के बाद अब राज्यपाल विधानसभा बजट सत्र को बुलाने के लिए अपनी स्वीकृति प्रदान करेंगे। इसके बाद सत्र को लेकर अधिसूचना जारी की जाएगी। 

ट्रक ऑप्रेटर्ज हमारे परिवार के सदस्य, औद्योगिक घराने से बात कर निकालेंगे समस्या का हल
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि ट्रक ऑप्रेटर्ज हमारे परिवार के सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि सीमैंट प्लांट बंद होने से हिमाचल और ट्रक ऑप्रेटर्ज को बड़ा घाटा हो रहा है, यह एक गंभीर स्थिति है। दाड़लाघाट-बरमाणा ट्रक ऑप्रेटर्ज यूनियन से हुई मुलाकात के बाद वीरवार को शिमला में मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि उन्होंने आज मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू एवं उनकी कैबिनेट से भी बात की है तथा जल्द इस समस्या का समाधान निकलने की उम्मीद है। 

चिट्टे की बड़ी खेप के साथ 4 युवक गिरफ्तार, ड्रग मनी भी बरामद
ऊना जिले में पुलिस द्वारा नशा माफिया के खिलाफ चलाई मुहिम के तहत वीरवार को हरोली उपमंडल के तहत गांव पालकवाह में कार सवार 4 युवकों को चिट्टे की बड़ी खेप के साथ दबोचा गया है। उनके कब्जे से ड्रग मनी भी बरामद की है। पुलिस ने कार सवार युवकों से करीब 71 ग्राम चिट्टा बरामद किया है जोकि अब तक पकड़ी गई चिट्टे की सबसे बड़ी खेप है। 

रेत से लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में गिरा, युवक की मौत
ददाहू-महीपुर सड़क पर वीरवार शाम एक ट्रैक्टर दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए ददाहू सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार ददाहू से महीपुर की तरफ रेत लेकर जा रहा एक ट्रैक्टर खराड़ी गांव के समीप अनियंत्रित होकर करीब 40 फुट नीचे खाई में जा गिरा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News