सुक्खू सरकार लेगी 1500 करोड़ का कर्ज, वक्फ बोर्ड का एस्टेट ऑफिसर रिश्वत लेते गिरफ्तार, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, Jan 20, 2023 - 07:42 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में गठित नई सरकार नए साल में पहली बार 1500 करोड़ रुपए का कर्ज लेगी। विजिलैंस एंड एंटी क्रप्शन ब्यूरो की साऊथ रेंज की टीम ने शिमला के डीसी ऑफिस कैंपस में रेड कर वक्फ बोर्ड के एस्टेट ऑफिसर रिश्वत लेते पकड़ा है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने खनन माफिया के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने की बात कही है। लोक निर्माण एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सड़कों की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। वीरवार को बीडीटीएस बरमाणा से जुड़े हजारों ट्रक ऑप्रेटर्ज ने बिलासपुर नैशनल हाईवे पर करीब 11 किलोमीटर लंबा पैदल मार्च निकाला। नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के विधायक रघुवीर सिंह बाली को हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम का अध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कांग्रेस पार्टी 26 जनवरी से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू करेगी। भरमौर उपमंडल की होली तहसील के झड़ोता गांव में 2 मकान जलकर राख हो गए। मंडी जिले में कोर्ट ने नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के दोषी को विभिन्न धाराओं में कठोर कारावास व जुर्माने की सजा सुनाई है। 

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

नए साल में नई सरकार पहली बार लेगी 1500 करोड़ कर्ज
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में गठित नई सरकार नए साल में पहली बार 1500 करोड़ रुपए का कर्ज लेगी। यह कर्ज 2 मदों में लिया जाएगा, जिसमें 1 मद में 700 करोड़ रुपए 13 साल और दूसरे मद में 800 करोड़ रुपए कर्ज 15 साल की अवधि के लिए लिया जाएगा। इसके लिए भारतीय रिजर्व बैंक के माध्यम से नीलामी प्रक्रिया 24 जनवरी को होगी तथा 25 जनवरी को यह राशि प्रदेश सरकार के खाते में जमा हो जाएगी। 

एक लाख की रिश्वत लेते धरा वक्फ बोर्ड का एस्टेट ऑफिसर
हिमाचल प्रदेश की विजिलैंस एंड एंटी क्रप्शन ब्यूरो की साऊथ रेंज की टीम ने वीरवार को शिमला के डीसी ऑफिस कैंपस में रेड की। इस दौरान एक लाख की रिश्वत लेते वक्फ बोर्ड का एस्टेट ऑफिसर (संपदा अधिकारी) रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोप है कि अधिकारी सादिक मोहम्मद वक्फ बोर्ड की संपत्ति से जुड़े लीज एग्रीमैंट को रिन्युअल करने की एवज में एक लाख की रिश्वत की मांग कर रहा था।

अवैध खनन नहीं होगा बर्दाश्त, खनन माफिया के खिलाफ होगी निर्णायक कार्रवाई 
पूर्व भाजपा सरकार ने प्रदेश को आर्थिक दिवालियापन की ओर धकेलने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है। यह बात उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इंदौरा में कही। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के उस बयान का कटाक्ष किया जिसमें नेता प्रतिपक्ष कह रहे हैं कि सरकार कन्फ्यूज है। मुकेश ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को अभी विश्वास नहीं हो पा रहा है कि उनके सिर से सत्ता का ताज चला गया है।

लापरवाही बरतने पर बख्शे नहीं जाएंगे अधिकारी, ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट
लोक निर्माण एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सड़कों की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। जहां घटिया कार्य हो रहे हैं, उन पर ज्यादा फोकस रहेगा तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। विभागीय शर्तों एवं नियमों के खिलाफ काम होंगे तो जांच करवाकर अधिकारियों पर भी कार्रवाई होगी तथा संबंधित डिफाल्टर ठेकेदार ब्लैकलिस्ट होंगे। पब्लिक के फंड का दुरुपयोग होने नहीं देंगे।

बिलासपुर में ट्रक ऑप्रेटर्ज ने निकाला 11 किलोमीटर लंबा पैदल मार्च
अदानी ग्रुप व ट्रक ऑप्रेटर्ज के बीच चले गतिरोध को 36 दिन हो चुके हैं लेकिन कोई हल नहीं निकला है। बरमाणा व दाड़लाघाट की दोनों सीमैंट फैक्टरियों बंद हैं जिसके चलते अब धीरे-धीरे ट्रक ऑप्रेटर्ज का आक्रोश बढ़ता जा रहा है तथा आंदोलन और तीखा होने लगा है। आंदोलन की इसी कड़ी में वीरवार को बीडीटीएस बरमाणा से जुड़े हजारों ट्रक ऑप्रेटर्ज ने बिलासपुर नैशनल हाईवे पर करीब 11 किलोमीटर लंबा पैदल मार्च निकाला। 

RS Bali को कैबिनेट रैंक के साथ बड़ी जिम्मेदारी
पूर्व मंत्री स्वर्गीय जीएस बाली के बेटे एवं नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के विधायक रघुवीर सिंह बाली को हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम का अध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पर्यटन विकास निगम का अध्यक्ष बनाने से पहले उनका मनोनयन निगम निदेशक मंडल में निदेशक के रूप में किया गया है। 

26 जनवरी से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू करेगी कांग्रेस 
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी 26 जनवरी से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू करेगी। इस अभियान को प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से पार्टी जनता से मतदान केंद्र तक संवाद करेगी। मुख्यमंत्री शिमला पहुंचने पर प्रदेश सचिवालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। 

होली के झड़ोता में 2 मकानों में लगी भीषण आग, 32 लाख का नुक्सान
भरमौर उपमंडल की होली तहसील के झड़ोता गांव में एक अग्निकांड की घटना में तीन मंजिला 2 मकान जलकर राख हो गए। वीरवार देर शाम हुई इस घटना में लगभग 32 लाख रुपए के नुकसान का आकलन राजस्व विभाग ने लगाया है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। इस घटना में बलबिंद्र सिंह, विनोद कुमार पुत्र किरपु राम तथा दिलवर,चतर सिंह, किशोरी लाल,सुरिंदर तथा संजय कुमार पुत्र धन्नू राम के घर आग की भेंट चढ़े हैं।

सिनियोरिटी लिस्ट को लेकर भड़की HRTC ड्राइवर यूनियन
एचआरटीसी में सिनियोरिटी लिस्ट (वरिष्ठता सूची) को लेकर ड्राइवर यूनियन भड़क गई है। वहीं निगम प्रबंधन से ड्राइवरों ने प्रमोशन के लिए बनाई जाने वाली सिनियोरिटी लिस्ट को 15 फरवरी तक जारी करने की मांग की है। यदि 15 फरवरी तक निगम प्रबंधन यह लिस्ट जारी नहीं करता है तो एचआरटीसी के सभी ड्राइवर आंदोलन पर उतरेंगे। यह चेतावनी वीरवार को एचआरटीसी पुराना बस स्टैंड में आयोजित की गई प्रैस वार्ता में प्रदेश ड्राइवर यूनियन के प्रधान मान सिंह ने दी।

नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के दोषी को 20 वर्ष का कठोर कारावास
माननीय विशेष न्यायाधीश (पोक्सो) जिला मंडी की अदालत ने नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के दोषी को विभिन्न धाराओं में कठोर कारावास व जुर्माने की सजा सुनाई है। जिला न्यायवादी मंडी कुलभूषण गौतम ने बताया कि 6 जुलाई, 2022 को पीड़िता की माता ने महिला पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई कि उसकी नाबालिग बेटी की दोस्ती जनवरी, 2022 को आरोपी से हुई और मार्च, 2022 को आरोपी ने उसे मंडी मिलने बुलाया और उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News