सुरेश भारद्वाज को प्रीति भोज पड़ा महंगा, पुलिस भर्ती पेपर लीक केस में CBI ने मांगा रिकॉर्ड, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Sunday, Nov 20, 2022 - 11:49 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी सुरेश भारद्वाज पर प्रीति भोज में जाना महंगा पड़ गया। साेलन जिले के परवाणु में भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बहुचर्चित हिमाचल पुलिस कांस्टेबल लिखित परीक्षा पेपर लीक केस में एसआईटी के साथ ही अब सीबीआई का शिकंजा भी कस सकता है। रविवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश कांग्रेस विधानसभा चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए एक ही जहाज में उड़ान भरी। कुल्लू जिले में अटल टनल के साथ लगती 17490 फुट ऊंची फ्रैंडशिप पीक में शिमला का पर्वतारोही हिमस्खलन की चपेट में आ गया है। शिमला जिले के कोटखाई में पैट्रोल पंप के मालिक से 40 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। सिरमौर जिले के उपमंडल पांवटा साहिब के रामपुर माजरी में चोरों ने एक शादी वाले घर से 10 लाख रुपए के गहने चुरा लिए हैं।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

सुरेश भारद्वाज को महंगा पड़ा प्रीति भोज, चुनावी खर्चे में जुड़ेगी 70 हजार की राशि
कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी सुरेश भारद्वाज पर प्रीति भोज में जाना महंगा पड़ गया। प्रीति भोज में जाने पर प्रत्याशी सुरेश भारद्वाज ने आचार संहिता का उल्लंघन किया है। आचार संहित के उल्लंघन पर निर्वाचन विभाग की ओर से सुरेश भारद्वाज से 24 घंटे के भीतर लिखित में जवाब मांगा था। जवाब मिलने पर निर्वाचन विभाग ने प्रत्याशी सुरेश भारद्वाज को आचार संहित का उल्लंघन करने के लिए प्रीति भोज का सारा खर्चा उनके चुनाव खर्चे में जोड़ दिया है। 

पूरे चुनाव में फ्रंट फुट पर रही भाजपा, प्रदेश में रिवाज बदलना तय : जयराम
परवाणु में भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पार्टी ने चुनाव प्रबंधन की दृष्टि से उत्तम कार्य किया है, जिसकी वजह से भारतीय जनता पार्टी पूरे चुनाव में फ्रंट फुट पर रही है। बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, डाॅ. राजीव बिंदल, डाॅ. सिकंदर कुमार, राजीव भारद्वाज, पवन राणा और भाजपा के वरिष्ठ नेता मंगल पांडे विशेष रूप से उपस्थित रहे।

पुलिस भर्ती पेपर लीक केस में CBI ने रिकाॅर्ड के साथ मांगी स्टेटस रिपोर्ट
बहुचर्चित हिमाचल पुलिस कांस्टेबल लिखित परीक्षा पेपर लीक केस में एसआईटी के साथ ही अब सीबीआई का शिकंजा भी कस सकता है। इसके तहत जल्द ही सीबीआई जांच शुरू कर सकती है। यह मामला प्रदेश में चुनावी प्रचार के दौरान जोर-शोर से गूंजा था। विपक्षी दल कांग्रेस के साथ ही आम आदमी पार्टी ने मामले पर सरकार को घेरने के प्रयास किए थे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पेपर लीक केस का मामला सामने आने के बाद बीते 17 मई को केस की जांच सीबीआई को सौंपने का फैसला लिया था।

जयराम-सुक्खू ने दिल्ली के लिए एक साथ भरी उड़ान
विधानसभा चुनाव परिणाम आने से ठीक पहले हिमाचल प्रदेश की सियासत में रोजाना नए दृश्य और किस्से देखने-सुनने को मिल रहे हैं। रविवार को भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश कांग्रेस विधानसभा चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए एक ही जहाज में उड़ान भरी। इस दौरान दोनों नेता अगल-बगल की सीट पर नजर आए। 

फ्रैंडशिप पीक में हिमस्खलन की चपेट में आया शिमला का पर्वतारोही
अटल टनल के साथ लगती 17490 फुट ऊंची फ्रैंडशिप पीक में शिमला का पर्वतारोही हिमस्खलन की चपेट में आ गया है। घटना शनिवार सुबह 9 बजे की बताई जा रही है। साथियों ने मनाली पुलिस को घटना की जानकारी शनिवार रात 8 बजे दी। साथी सचिन व साहिल ने बताया कि सुबह 9 बजे फ्रैंडशिप पीक में हिमस्खलन हुआ, जिसकी चपेट में उनका साथी आशुतोष पुत्र सुरेंद्र हिमटा गांव अढ़शाला डाकघर देहा तहसील चौपाल जिला शिमला आ गया। 

श्रद्धा मर्डर केस : पार्वती वैली के तोष गांव पहुंची दिल्ली पुलिस, जुटाए अहम सुराग
दिल्ली में हुए श्रद्धा मर्डर मामले के आरोपी आफताब का श्रद्धा को कहीं कुल्लू की पार्वती वैली में ही मौत के घाट उतारने का प्लान तो नहीं था और अपने मंसूबों को यहां पर अंजाम देने में नाकाम रहने के कारण दिल्ली में जाकर श्रद्धा के 35 टुकड़े कर डाले। जिला कुल्लू की पार्वती वैली में अब तक कई लोग व पर्यटक लापता हुए हैं, जिनकी आज तक लाशें तक नहीं मिली हैं। डेढ़ दर्जन के करीब विदेशी सैलानी भी यहां लापता हुए हैं, जिनका आज तक सुराग नहीं लग पाया है। 

डाॅक्टर शालीन धीमान के कैंसर से संबंधित शोध को मिली अंतर्राष्ट्रीय मान्यता
ज्वालामुखी उपमंडल के कथोग गांव के निवासी डाॅ. शालीन धीमान के  कैंसर से संबंधित शोध को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिलने से क्षेत्र के लोग गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। टांडा स्थित मेडिकल काॅलेज में बतौर सीनियर रैजीडैंट कार्यरत डाॅ. शालीन धीमान ने पीजीआई के डाॅ. एस. घोषाल, डाॅ. एस. धीमान, डाॅ. बी. राय, डाॅ. एम. अरोड़ा व अन्यों के सहयोग से कैंसर पर किए गए शोध कार्य को अमरीका के सैन एंटोनियो के विश्व के नम्बर एक जर्नल एस्ट्रो में प्रकाशित किया है।

कोटखाई में पैट्रोल पंप के मालिक से 40 लाख की ठगी
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव महेंद्र सतान से 40 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला संज्ञान में आया है। जानकारी के अनुसार यह धोखाधड़ी उनके पैट्रोल पंप पर काम करने वाले कर्मचारियों ने ही की है। महेंद्र सतान ने कोटखाई थाने में इस बाबत एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने अपने शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि पैट्रोल पंप पर काम करने वाले मैनेजर और 3 अन्य लोगों ने उनके साथ फ्रॉड किया है।

चोरों ने शादी वाले घर से उड़ाए 10 लाख के गहने
सिरमौर जिले के उपमंडल पांवटा साहिब के रामपुर माजरी में एक घर से 10 लाख रुपए के जेवरात चोरी करने का मामला आया है। जानकारी अनुसार शिकायतकर्ता राकेश कुमार गांव रामपुर माजरी ने पुलिस थाना माजरा में लिखित शिकायत में बताया कि रविवार प्रात: लगभग 5 बजे जब वह उठा तो देखा कि साथ वाले कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। जब वह कमरे में आया तो पाया कि कमरे में 2 पेटियों में भरा हुआ सामान बिखरा हुआ था।

200 फुट गहरी खाई में गिरा ट्राला, चालक की मौत
पुलिस थाना तलाई के तहत ग्राम पंचायत झबोला के वार्ड नंबर-1 के जंगल चलैली में एक ट्राले के 200 फुट गहरी खाई में गिरने से चालक की मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार प्रात: पुलिस थाना तलाई में झबोला निवासी एक व्यक्ति ने सूचना दी कि एक ट्राला गहरी खाई में गिर गया है तथा घटना में चालक की मौत हो गई है। 

भूस्खलन से बंद पांवटा साहिब-शिलाई नैशनल हाईवे 15 घंटे बाद बहाल
पांवटा साहिब-शिलाई नैशनल हाईवे 707 हेवणा के पास 15 घंटे बाद यातायात के लिए बहाल कर दिया है। हेवणा के पास भूस्खलन होने के कारण नैशनल हाईवे से पूर्ण रूप से बंद हो गया था। इस कारण गिरिपार क्षेत्र की करीब 40 पंचायतों का पांवटा साहिब से संपर्क कट गया था। संबंधित कंपनी ने पोकलेन मशीनें लगाकर कड़ी मशक्कत के बाद नैशनल हाईवे को बहाल कर दिया है।

शराब के नशे में धुत्त व्यक्ति ने डंडे से पीट डाले 2 साधु, एक की मौत
जसूर श्मशानघाट में डंडे से की गई पिटाई से एक साधु की मौत हो गई। पुलिस ने रमेश चंद पुत्र धुमी राम निवासी गांव व डाकघर भुगनाड़ा, तहसील नूरपुर जिला कांगड़ा की शिकायत पर आरोपी राजू शर्मा उर्फ लम्बू पुत्र अमर चंद निवासी गांव सख्ता, चक डाकघर व तहसील कठुआ जम्मू-कश्मीर के खिलाफ मामला पंजीकृत किया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News