हिमाचल में टीचर बना हैवान, छात्राओं को कमरे में बुलाकर की घिनौनी करतूत; लोगों में आक्रोश
punjabkesari.in Sunday, Feb 22, 2026 - 01:40 PM (IST)
हिमाचल डेस्क: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की सैंज घाटी के एक सरकारी शिक्षण संस्थान में शिक्षक द्वारा छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश है। एक शिक्षक पर छात्राओं को निजी काम के बहाने कमरे में बुलाकर दुर्व्यवहार करने का आरोप है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 फरवरी को स्कूल के एक इतिहास प्रवक्ता ने 11वीं कक्षा की तीन छात्राओं को अपने कमरे में बुलाया। आरोप है कि शिक्षक ने दो छात्राओं को रसोई में खाना बनाने के काम में लगा दिया, जबकि तीसरी छात्रा को अपने कपड़े प्रेस करने के लिए कहा। इसी दौरान शिक्षक ने उस छात्रा के साथ अनुचित व्यवहार किया और डराया-धमकाया कि यदि उसने इस बारे में किसी को बताया तो परिणाम गंभीर होंगे। पीड़ित छात्राओं ने हिम्मत जुटाकर पूरी घटना की जानकारी स्कूल के प्रधानाचार्य को दी। मामले की गंभीरता और छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालय प्रशासन ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही सैंज थाना पुलिस हरकत में आई और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
इलाके में फैला आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय अभिभावकों और निवासियों में गुस्सा फूट पड़ा है। लोगों ने शिक्षा विभाग और प्रशासन से मांग की है कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। कुल्लू के पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रकरण अत्यंत संवेदनशील है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा छात्राओं के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले से जुड़े सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।

