हिमाचल में भारी बर्फबारी से थमी जिंदगी, घरों में दुबके लोग (Watch Pics)

Tuesday, Jan 22, 2019 - 01:45 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश में जारी जबरदस्त बर्फबारी ने आम जिंदगी को अस्त व्यस्त करके रख दिया है। मंगलवार से प्रदेश के कई इलाकों में भारी बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग की चेतावनी के बीच राज्य के ऊचांई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी है। वहीं बर्फबारी का दीदार करने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक शिमला सहित अन्य इलाकों का रुख कर रहे हैं। बता दें कि रोहतांग दर्रा, चंबा और किन्नौर के पहाड़ बर्फ से लदे हुए हैं। मनाली, डलहौजी, कुफरी में भारी बर्फबारी हुई है।


लोग घरों के अंदर रहने को मजबूर हो गए हैं। बर्फबारी से कर्फ्यू सा माहौल है। मंडी के शिकारी देवी, कमरुनाग और शैटाधार में दो फुट तक बर्फबारी की सूचना है। उधर घाट, गाड़ागुशैनी, सोमगाड़, चलोट, बुंग, खौली, कटबानु, लौट, थाचाधार, नलबागी, डीडर, में करीब एक फीट ताजा बर्फबारी हुई है। मंडी की पराशर झील भी बर्फ से जम गई है। नारकंडा एनएच-5 सुबह से बंद है। वाहनों को वाया सुन्नी भेजा जा रहा है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया था कि हिमाचल के आठ जिलों में भारी बर्फबारी होगी। मौसम विभाग ने 21 जनवरी के लिए येलो अलर्ट और 22 जनवरी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

सोलन

सोलन जिला में हो रही बारिश के बाद मंगलवार सुबह यहां के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल चायल व कसौली में बर्फबारी शुरू हो गई है। इसके साथ ही यहां के होटल व्यवसायियों के चेहरे खिल उठे हैं। बर्फबारी होने के बाद अब इन क्षेत्रों का रुख मैदानी क्षेत्रों से पर्यटकों को द्वारा किए जाने की उम्मीद है। इस साल मौसम विभाग क्षेत्र में कई बार भारी बारिश व बर्फ की चेतावनी दे चुका है लेकिन लगभग सभी संभावना फेल हुई। क्षेत्र में बारिश न होने के कारण लोग बीमारी की चपेट में आ रहे थे। अब सोमवार से शुरू हुई इस बारिश के बाद बीमारियां खत्म होने के साथ-साथ पेयजल समस्या से भी निजात मिलने की उम्मीद है। पिछले लंबे समय से मंदी की मार झेल रहा पर्यटन उद्योग बर्फबारी के बाद पर्यटकों के आने की संभावना को देखते हुए तैयारियों में जुट गया है। 

कुल्लू

हिमाचल में हो रही भारी बर्फबारी से लाहौल के त्रिलोकीनाथ के समीप बंगारू नाले में पिछले दिन हिमखंड बहकर चिनाब नदी में पहुंच गया जिससे नदी का बहाव रुक गया और वह झील बन गई। हालांकि लाहौल-स्पीति प्रशासन ने पहले ही हिमखंड गिरने की आशंका व्यक्त की थी। नदी का बहाव रुकने से इसके किनारे रहने वाले लोगों की परेशानियां बढ़ गई है। कुल्लू के बिजली महादेव, जाणा, मलाणा, खीरगंगा और जलोड़ी दर्रे समेत साथ लगते इलाकों में बर्फबारी हो रही है। जलोड़ी दर्रे में बर्फबारी होने से फिलहाल इसे वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है।

कुमारसैन

पर्यटन नगरी नारकंडा में बर्फबारी के कारण हिन्दोस्तान तिब्बत राष्ट्रिय राजमार्ग-5 यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया है। नारकंडा में करीब एक फुट बर्फ गिर चुकी है जबकि अभी भी बर्फबारी जारी है। नारकंडा के ठीक सामने हाटू पीक पर दो फुट बर्फबारी की सूचना है।

Ekta